
रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल मध्यप्रदेश
त्यौहारी अवधि को देखते हुए भोपाल जिले में मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों की सघन जांच की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सीहोर रोड स्थित साईं बाबा ट्रेडिंग का निरीक्षण कर विभिन्न प्रकार की 114 किलोग्राम मिठाई जब्त की। जब्त मिठाइयों का अनुमानित बाजार मूल्य 22 हजार 800 रुपये है। कार्रवाई के दौरान 27 किलोग्राम नंदी स्वीट हलवा, 27 किलोग्राम कृष्णा हलवा, 30 किलोग्राम गोपाल स्वीट्स बर्फी तथा 30 किलोग्राम कृष्णा डिलिशियस स्वीट जब्त की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जब्त खाद्य पदार्थों के नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अंतर्गत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण में कृष्णा डिलिशियस स्वीट के पैकेट पर निर्माता द्वारा सामग्री के रूप में मिल्क सॉलिड्स, शुगर, पार्शियली हाइड्रोजनेटेड ऑयल (वनस्पति) और रिफाइंड पामोलीन ऑयल आदि का उल्लेख पाया गया। खाद्य पदार्थ की वास्तविक गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूपता का निर्धारण प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर किया जाएगा।




Subscribe to my channel