
“आयुष आपके द्वार” शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, सैकड़ों मरीजों ने लिया नि:शुल्क उपचार का लाभ
जसवंतनगर
आयुष आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत निलोई पंचायत घर में आयोजित नि:शुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर में सैकड़ो भर से अधिक मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया तथा नि:शुल्क दवाइयों का लाभ उठाया। शिविर में मौसम परिवर्तन के कारण फैल रही बीमारियों के मरीजों की संख्या अधिक रही। इनमें उल्टी, दस्त, बुखार, सर्दी-जुकाम, पेट दर्द, कमजोरी और त्वचा संबंधी समस्याओं से पीड़ित बच्चे, महिलाएं एवं बुजुर्ग विशेष रूप से पहुंचे।

शिविर का शुभारंभ प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. शीलेन्द्र सिंह, चिकित्साधिकारी डॉ. इंदु सिंह तथा समाजसेवी प्रेम कुमार शाक्य द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आयुर्वेदिक उपचार, खानपान एवं दैनिक जीवनशैली से जुड़े आवश्यक सुझाव दिए। साथ ही मरीजों को निशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
चिकित्सकों ने कहा कि बदलते मौसम में स्वच्छ पेयजल का उपयोग, साफ-सफाई और संतुलित भोजन बेहद आवश्यक है। उन्होंने लोगों को बाहर का दूषित भोजन न खाने, बच्चों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने तथा बीमारी होने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य जागरूकता पर भी जोर दिया गया और लोगों को आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के लाभ एवं रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
शिविर में महिलाओं और बच्चों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। ग्रामीणों ने ऐसे स्वास्थ्य शिविरों को जनहित में उपयोगी बताते हुए इनके नियमित आयोजन की मांग की। कार्यक्रम को सफल बनाने में रोहित, जिलेदार, राहुल शाक्य सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



Subscribe to my channel