नगरी-सिहावा क्षेत्र में शनिवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बारिश के बाद काफी राहत मिली। बारिश शुरू होते ही मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
हालांकि जहां एक ओर आम लोगों ने राहत की सांस ली, वहीं दूसरी ओर किसानों की चिंता बढ़ गई है। क्षेत्र के कई गांवों में तेज हवा और बारिश के कारण खेतों में पानी भरने की स्थिति बन गई है। किसानों का कहना है कि इस समय खेतों में खड़ी धान की फसल और अन्य कृषि कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
तेज हवा के झोंकों से बाल निकल चुके धान के गिरने की आशंका जताई जा रही है, जिससे उत्पादन पर असर पड़ सकता है। अचानक बदले मौसम ने किसानों की मेहनत पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। ग्रामीण इलाकों में कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति भी प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। किसानों को सतर्क रहने और फसल की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय करने की सलाह दी जा रही है।