बिहार
Trending

डोमिसाइल नीति युवाओं के भविष्य का आधार: मंत्री लेशी सिंह

जदयू प्रदेश कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान बोलीं – नीतीश सरकार ले रही जनहित में ऐतिहासिक फैसले

पटना। मंगलवार को जनता दल (यू०) प्रदेश कार्यालय, पटना में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार सरकार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्रीमती लेशी सिंह ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए आम लोगों की समस्याएँ सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार द्वारा राज्य में शिक्षा व्यवस्था में डोमिसाइल नीति लागू करना एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि इससे बिहार के युवाओं को शिक्षा और सरकारी नौकरियों में प्राथमिकता मिलेगी, साथ ही उनके लिए भविष्य के व्यापक अवसर भी सृजित होंगे।

पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “राज्य में 15 वर्षों तक लालू-राबड़ी की सरकार रही, लेकिन उस समय युवाओं या महिलाओं के लिए कोई ठोस पहल नहीं हुई। यह विडंबना है कि राबड़ी देवी स्वयं महिला मुख्यमंत्री थीं, फिर भी महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर कोई दूरदर्शी सोच देखने को नहीं मिली।”

मंत्री लेशी सिंह ने विपक्ष पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज की विपक्षी पार्टियाँ पूरी तरह मुद्दाविहीन हो चुकी हैं और हताशा में झूठ और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही हैं। इसके विपरीत नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार लगातार जनकल्याण के लिए सकारात्मक और दूरदर्शी निर्णय ले रही है।

कार्यक्रम में आए लोगों ने राशन, उपभोक्ता अधिकार, सार्वजनिक वितरण प्रणाली और स्थानीय समस्याओं को लेकर आवेदन दिए, जिन पर मंत्री ने तत्परता से संज्ञान लिया और समाधान के आश्वासन के साथ-साथ प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए।

@ State Incharge Animesh Anand

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button