टीजीटी-पीजीटी परीक्षा पुराने नियम से कराने की मांग, छात्रों ने पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा को सौंपा ज्ञापन
टीजीटी-पीजीटी परीक्षा पुराने नियम से कराने की मांग, छात्रों ने पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा को सौंपा ज्ञापन

गोण्डा,मनकापुर। प्रदेश में टीजीटी-पीजीटी परीक्षा के लिए नई नियमावली लागू किए जाने के प्रस्ताव से नाराज अभ्यर्थी पुराने नियमों के अनुसार परीक्षा कराने की मांग को लेकर लगातार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से मुलाकात कर रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार शाम प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ स्थित पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा से उनके आवास पर मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से छात्रों ने मांग की कि टीजीटी-पीजीटी परीक्षा पूर्व की नियमावली के अनुसार ही कराई जाए। छात्रा पूजा मनमोहिनी ने कहा कि प्रदेश के हजारों अभ्यर्थी कई वर्षों से पुराने नियमों के आधार पर परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में वर्ष 2026 में नई नियमावली लागू होने से उनके भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा और लंबे समय से की जा रही उनकी तैयारी प्रभावित हो जाएगी।
छात्रों की बात सुनने के बाद डॉ. दिनेश शर्मा ने उनकी मांग को गंभीरता से लेने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वे पुराने नियमों के अनुसार परीक्षा कराने के पक्ष में हैं तथा इस संबंध में शीघ्र ही शिक्षा मंत्री एवं संबंधित अधिकारियों से वार्ता करेंगे। उन्होंने छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनके भविष्य के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में जितेंद्र चतुर्वेदी, अमित शुक्ला, दिव्या दिव्यदर्शनी, हरिश्चंद्र निषाद, पूजा शाही, गीतांजलि यादव, आर्यन यादव सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए दर्जनों अभ्यर्थी शामिल रहे।



Subscribe to my channel