ब्रेकिंग न्यूज़

Rajasthan News : पहली बार 3900 रनर्स करेंगे दादी प्रकाशमणि आबू हॉफ मैराथन में सहभागिता, तैयारियां अंतिम चरण में

ब्यूरो चीफ महावीर चन्द्र आबूरोड

ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान की ओर से आगामी 9 अगस्त को आयोजित होने वाली 8वीं दादी प्रकाशमणि आबू हॉफ मैराथन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इस वर्ष मैराथन को लेकर देशभर के धावकों में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन के इतिहास में पहली बार 3900 रनर्स ने पंजीकरण कराया है, जिसके चलते निर्धारित संख्या पूरी होने पर रजिस्ट्रेशन बंद कर दिए गए हैं। शांतिवन स्थित दादीजी मीटिंग रूम में आयोजित बैठक में मैराथन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। आयोजन समिति ने बताया कि वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन शुरू होने के मात्र दस दिनों के भीतर तीन हजार से अधिक धावकों ने पंजीकरण करा लिया था, जबकि अब कुल संख्या 3900 तक पहुंच चुकी है। यह मैराथन ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की 19वीं पुण्य स्मृति के अवसर पर आयोजित की जा रही है। 21.9 किलोमीटर लंबी इस हॉफ मैराथन की शुरुआत मनमोहिनीवन से प्रातः 5 बजे होगी, जहां अतिथि हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना करेंगे।

बैठक को संबोधित करते हुए महासचिव राजयोगी बीके करुणा भाई ने कहा कि दादी प्रकाशमणि का जीवन विश्व बंधुत्व, सेवा और मानवता का संदेश देने वाला रहा है। वहीं अतिरिक्त महासचिव बीके डॉ. मृत्युंजय भाई ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी स्थानीय सामाजिक संगठनों, पुलिस-प्रशासन, सीआरपीएफ तथा विभिन्न संस्थाओं का भरपूर सहयोग मिल रहा है। आयोजन प्रभारी बीके सचिन भाई ने जानकारी दी कि इस बार सभी प्रतिभागियों को विशेष ट्रैकिंग डिवाइस पहनाई जाएगी, जिससे उनकी दूरी और समय का सटीक रिकॉर्ड रखा जाएगा। यदि कोई प्रतिभागी बीच में वाहन का उपयोग करता है तो डिवाइस के माध्यम से इसकी जानकारी मिल जाएगी और संबंधित धावक को प्रतियोगिता से बाहर कर दिया जाएगा। रोटी विभाग के प्रमुख बीके भानू भाई ने बताया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर मैराथन पूरी करने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। बैठक में बीके मोहन सिंघल, बीके प्रकाश भाई, सीए बीके ललित भाई, बीके देव भाई, बीके जगदीश भाई, बीके सतेंद्र भाई सहित विभिन्न विभागों के प्रभारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन समिति का कहना है कि इस बार की मैराथन अब तक की सबसे बड़ी और व्यवस्थित प्रतियोगिता होगी।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button