बिहार
Trending

एनडीए को 200+ सीटें, बिहार का विश्वकर्मा हैं नीतीश: शाहनवाज का दावा

भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन का तीखा हमला: राहुल-तेजस्वी फैला रहे अफवाहें, कांग्रेस बिहार में फिर होगी ज़ीरो पर आउट

भागलपुर – भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने विपक्ष पर करारा हमला करते हुए कहा है कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव मतदाताओं को गुमराह करने के लिए अफवाहें फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि तेजस्वी अब राहुल गांधी के चेले बन चुके हैं और दोनों नेता चुनावी हार की बौखलाहट में जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं।

शाहनवाज हुसैन ने दावा किया कि इस बार बिहार में कांग्रेस की हालत दिल्ली जैसी होगी और वह फिर से ज़ीरो पर आउट होगी। उन्होंने तेजस्वी यादव पर दो-दो मतदाता पहचान पत्र रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि जो खुद फंसा हुआ हो, उसे चुनाव आयोग पर सवाल उठाने का कोई हक नहीं

उन्होंने कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम के उस बयान पर भी निशाना साधा जिसमें बिहार के वोटरों का नाम तमिलनाडु की सूची में जोड़ने की बात कही गई थी। शाहनवाज ने कहा कि कांग्रेस को इसका जवाब देना होगा, और इस झूठ का खामियाजा उसे भुगतना पड़ेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण में उन्हीं लोगों का नाम हटाया गया है जिनकी मृत्यु हो गई है, जो दूसरी जगह चले गए हैं या जिनका नाम दो जगहों पर है। कांग्रेस इस प्रक्रिया को लेकर संसद में भी बाधा डाल रही है और लोगों के बीच झूठ फैला रही है।

राहुल गांधी के हालिया “एटम बम” वाले बयान पर चुटकी लेते हुए शाहनवाज ने कहा, “अगर उनके पास कोई एटम बम होता, तो अब तक फोड़ चुके होते। लेकिन जनता अब सब कुछ समझ चुकी है। बिहार की जनता इस बार एनडीए को भारी बहुमत से जिताएगी।”

उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए को 200 से अधिक सीटें मिलेंगी और चुनाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। उन्होंने नीतीश कुमार को “बिहार का विश्वकर्मा” बताते हुए कहा कि उन्होंने राज्य को सजाने और संवारने का काम किया है।

शाहनवाज ने बताया कि 8 अगस्त को पुनौराधाम में माता सीता के मंदिर का शिलान्यास केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किया जाएगा। उन्होंने इसे अयोध्या की तर्ज पर भव्य मंदिर निर्माण की शुरुआत बताया।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस माह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भागलपुर आएंगी, जिसकी तिथि जल्द घोषित होगी। उन्होंने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए उन्हें आदिवासी समाज का बड़ा नेता बताया।

अंत में, शाहनवाज हुसैन ने भाजपा के नवनियुक्त मंच और मोर्चा अध्यक्षों का स्वागत करते हुए उन्हें आगामी चुनावों में मेहनत से जुटने का संदेश दिया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष संतोष कुमार समेत कई भाजपा नेता उपस्थित थे।

@ State Incharge Animesh Anand

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button