बिहार

ADG STF के बयान पर भड़के तेजस्वी यादव, बोले – “दोष मौसम का नहीं, शासन का है

पटना, 17 जुलाई 2025:
बिहार में बढ़ते अपराध पर एडीजी STF कुंदन कृष्णन के बयान को लेकर सियासत गरमा गई है। पूर्व उपमुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने इस बयान को ‘अतार्किक और गैरजिम्मेदाराना’ बताते हुए कड़ा विरोध जताया है। तेजस्वी ने साफ कहा कि अपराध का जिम्मा मौसम पर नहीं, सरकार और प्रशासन पर है।
दरअसल, एडीजी STF कुंदन कृष्णन ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि अप्रैल, मई और जून के महीनों में हर साल हत्या की घटनाएं बढ़ जाती हैं। उन्होंने इसे सामाजिक और मौसमी कारणों से जोड़ते हुए कहा कि होली के बाद खेती-किसानी का ऑफ सीजन शुरू हो जाता है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि विवाद और आपसी रंजिश से जुड़ी हत्याएं बढ़ती हैं। उनका तर्क था कि बारिश शुरू होते ही लोग धनरोपनी में व्यस्त हो जाते हैं और अपराध घटने लगते हैं।
इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी यादव ने कहा,
यह कहना कि हत्याएं इसलिए होती हैं क्योंकि किसान खाली रहते हैं, न केवल किसानों का अपमान है, बल्कि पुलिस की नाकामी को ढंकने की कोशिश भी है। दोष मौसम का नहीं, शासन और प्रशासन का है। सुधार खुद में करना चाहिए, बहाने नहीं खोजने चाहिए।”
उन्होंने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था की हालत लगातार बिगड़ रही है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इसके लिए पूरी तरह जिम्मेदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है और आम जनता असुरक्षित महसूस कर रही है।
वहीं, एडीजी कुंदन कृष्णन ने अपने बयान में यह भी कहा कि हत्या के आंकड़े पहले से घटे हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2001 में बिहार में 3619 हत्याएं दर्ज हुई थीं जबकि वर्ष 2024 में यह संख्या 2786 रही। इस साल जून तक 1379 हत्याकांड दर्ज किए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नाबालिगों की आपराधिक भागीदारी बढ़ रही है, जिससे समाज को भी आत्ममंथन की ज़रूरत है।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई नाबालिग अवैध हथियार के साथ पकड़ा जाता है और उसकी जानकारी अभिभावकों को पहले से रहती है, तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
राजनीतिक विश्लेषण:
बयानबाजी और पलटवार के इस दौर से स्पष्ट है कि बिहार में कानून-व्यवस्था एक बार फिर से सियासी बहस के केंद्र में आ गया है। विपक्ष इसे सरकार की विफलता बता रहा है, जबकि पुलिस आंकड़ों और सामाजिक कारणों की ओर इशारा कर रही है।

@ State Incharge Animesh Anand

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button