बिहार

पटना की स्वच्छ पहचान: राष्ट्रीय मंच पर नगर निगम को सम्मान

कभी स्वच्छता की दौड़ में पिछड़ा माना जाने वाला पटना शहर आज देशभर में अपनी एक स्वच्छ और सशक्त पहचान के साथ उभरकर सामने आया है। दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित सम्मान समारोह में पटना नगर निगम को स्वच्छता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

नगर आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर ने इसे कर्मियों की कड़ी मेहनत और शहरवासियों की सहभागिता का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में स्वच्छता के क्षेत्र में पटना ने जो प्रगति की है, वह अनुकरणीय है।

3R मॉडल और नवाचारों का सफल प्रयोग

पटना नगर निगम ने Reuse, Reduce और Recycle (3R) पर जोर देते हुए बेकार पड़ी गाड़ियों को उपयोगी सेवाओं में तब्दील किया है। पिंक टॉयलेट, लू कैफे, निगम नीर और मेवहॉल एम्बुलेंस जैसी सुविधाएं इसकी मिसाल हैं।

स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में चौथा स्थान

सिटीजन फीडबैक कैटेगरी में पटना ने देशभर में चौथा स्थान प्राप्त किया है। यह सफलता केवल सरकारी योजनाओं की नहीं, बल्कि नागरिकों की जागरूकता, भागीदारी और फीडबैक का भी नतीजा है। इसके लिए मोबाइल ऐप, नुक्कड़ नाटक, रैलियां और स्कूलों में प्रतियोगिताएं चलाकर लोगों को जोड़ा गया।

डोर-टू-डोर कचरा संग्रह और सड़क शत्रु मुहिम

नगर निगम ने डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन, गीले-सूखे कचरे का पृथक्करण, कंपोस्टिंग यूनिट्स और वॉशरूम मैनेजमेंट सिस्टम को मजबूती दी है। सड़क पर कचरा फेंकने वालों को ‘सड़क शत्रु’ घोषित कर उन्हें न केवल चेताया गया, बल्कि सार्वजनिक रूप से स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।

स्मार्ट तकनीक से निगरानी और नियंत्रण

नगर निगम ने सभी 75 वार्डों में हाईटेक वॉकी-टॉकी और स्मार्ट इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड सेंटर की मदद से सफाई और जल निकासी व्यवस्था को रियल टाइम मॉनिटरिंग से जोड़ा है, जिससे कामकाज में पारदर्शिता और गति आई है।

सम्मान समारोह में गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव श्री अभय कुमार सिंह, माननीय महापौर श्रीमती सीता साहू, उप महापौर श्रीमति रेशमी कुमारी, नगर आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर, ब्रांड एम्बेसडर नीतु नवगीत, सफाई कर्मी सुलेखा और मानती सहित नगर निगम की पूरी टीम मौजूद रही।

@ State Incharge Animesh Anand

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button