Madhya Pradesh News महाशिवरात्रि पर चौमुखनाथ मंदिर परिसर में होगा महादेव पर्व का आयोजन कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा

रिपोर्टर सत्यव्रत भुर्जी पन्ना मध्य प्रदेश
संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से महाशिवरात्रि पर्व पर 18 फरवरी को सायं महादेव पर्व का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष नचने स्थित चैमुखनाथ मंदिर परिसर में कार्यक्रम होगा। इस अवसर पर रीवा, भोपाल एवं मुम्बई के कलाकारों द्वारा शिव भक्ति पर केन्द्रित कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। जिला कलेक्टर द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने और आवश्यक तैयारियों के मद्देनजर आज ग्राम पंचायत नचने में अधिकारियों की बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का जायजा भी लिया। कलेक्टर श्री संजय कुमार मिश्र ने ग्रामवासियों से कार्यक्रम आयोजन के संबंध में चर्चा कर कार्यक्रम को सफल बनाने और प्रचार-प्रसार के लिए भी कहा। सुझाव आमंत्रित कर महाशिवरात्रि मेला आयोजन के संबंध में भी चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री मिश्र ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री को बैठक व्यवस्थाओं सहित टेन्ट व्यवस्था और विद्युत विभाग के अधिकारी को निर्बाध रूप से बिजली सप्लाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पार्किंग, पेयजल व्यवस्था, तालाब व परिसर के सौन्दर्यीकरण सहित संकेतक बोर्ड लगवाने के निर्देश भी दिए। कलाकारों के ठहरने व भोजन व्यवस्था के लिए भी निर्देशित किया गया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में लोग शामिल हों और उल्लास एवं आनंद के साथ महाशिवरात्रि पर्व मनाएं।
कलेक्टर द्वारा चौमुखनाथ मंदिर परिसर का अवलोकन कर बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में भी निर्देश दिए गए। उन्होंने चैमुखनाथ मंदिर में भगवान शिव की प्रतिमा पर जल चढ़ाया और आरती में भी शामिल हुए। इस दौरान एसडीएम कुशल सिंह गौतम, जिला पंचायत के अतिरिक्त सीईओ अशोक चतुर्वेदी एवं परियोजना अधिकारी संजय सिंह परिहार भी उपस्थित थे।



Subscribe to my channel