छत्तीसगढ़राजनीतिराज्य

Chhattisgarh News चुनावी बिगुल:मोदी ने प्रदेश के देवी देवताओं को याद करते हुए छत्तीसगढ़ी में शुरू किया भाषण, संकल्प लें- ए दारी कांग्रेस के सरकार ला बदलबो

उन्होंने शराबबंदी, शराब घोटाले का उल्लेख करते हुए कांग्रेस को करप्शन का पर्याय बताने की कोशिश की

रिपोर्टर राकेश कुमार साहू जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बदलबो बदलबो, ए दारी कांग्रेस के सरकार ला बदलबो के संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ में चुनावी बिगुल फूंक दिया है। साइंस कालेज मैदान में मोदी ने अपने 30 मिनट के अपने भाषण में कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने शराबबंदी, शराब घोटाले का उल्लेख करते हुए कांग्रेस को करप्शन का पर्याय बताने की कोशिश की। साथ ही कांग्रेस को प्रदेश के विकास में बाधक बताया। मोदी ने कहा, कांग्रेस भ्रष्टाचार की गारंटी है। हम भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गारंटी हैं। कांग्रेस का पंजा छत्तीसगढ़ के विकास में बाधक है। कांग्रेस के कोर- कोर में करप्शन है। जबकि हमने आदिवासियों के लिए आदिवासी कल्याण मंत्रालय बनाया, एकलव्य मॉडल स्कूल बनाए। आदिवासी किसानों के लिए केंद्र खोले गए। कांग्रेस का पंजा, विकास के सामने दीवार मोदी ने कहा कि अगले 2 साल छत्तीसगढ़ के विकास के लिए बहुत अहम हैं। लेकिन छत्तीसगढ़ के विकास के सामने एक बहुत बड़ा पंजा दीवार बनकर खड़ा हुआ है। यह कांग्रेस का पंजा है। यह पंजा आपसे आपका हक छीन रहा है। कांग्रेसी के पंजे ने ठान लिया है कि वह छत्तीसगढ़ को लूट- लूट करके बर्बाद कर देगा।

आरोप

झूठी कसम खाने का पाप किया

पीएम मोदी ने कांग्रेस सरकार को घेरने के लिए भ्रष्टाचार के साथ ही जनघोषणा पत्र के वादों से मुकरने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, गंगा जी की झूठी कसम खाने का पाप कांग्रेस ही कर सकती है। याद कीजिए गंगा जी को साक्षी मानकर इन्होंने एक घोषणा पत्र जारी किया था। दावा किया था कि 10 दिन के भीतर यह कर देंगे, वह कर देंगे। तब कांग्रेस ने बड़ी-बड़ी बातें की थीं लेकिन आज उसकी याददाश्त ही चली जाती है।

इनके लिए छत्तीसगढ़ एक एटीएम

मोदी ने कहा, आपको एक बात जरूर याद रखनी होगी कि कांग्रेस पार्टी के लिए छत्तीसगढ़ एक एटीएम की तरह है। घोटाले घपले के आरोप सिर्फ शराब तक ही सीमित नहीं है। यहां ऐसा कोई विभाग और कोई काम नहीं है, जो संदेह के घेरे से बाहर है। कोल माफिया, रेत माफिया, लैंड माफिया, शराब माफिया, न जाने कैसे-कैसे माफिया यहां फल फूल रहे हैं। इन्होंने जल जीवन मिशन तक को इन्होंने नहीं छोड़ा।

इन मुद्दों पर भी मोदी ने की बात

शराबबंदी और शराब घोटाला- राज्य में शराबबंदी लागू करने और अनुसूचित क्षेत्र में ग्राम सभाओं को शराबबंदी का अधिकार देने का वादा किया। सच्चाई यह है कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में हजारों करोड़ का शराब घोटाला कर दिया है। आरोप है कि यह जो कमीशन के पैसे उगाहे जाते थे, यह कांग्रेस पार्टी के खाते में गए हैं। कहने वाले कहते हैं कि शराब से होने वाली उगाही के कारण यहां ढाई- ढाई साल के मुख्यमंत्री पद वाला फार्मूला लागू नहीं हो पाया।

धान खरीदी- यहां की सरकार धान किसानों को गुमराह करने में जुटी है। जितनी सरकारी खरीद होती है उसका 80 प्रतिशत से ज्यादा भारत सरकार के हिस्से का होता है। केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ के धान किसानों को एक लाख करोड़ से भी ज्यादा दिए हैं। इस साल धान किसानों को 22 हजार करोड़ से ज्यादा दिए गए हैं।

इनका लोकार्पण व शिलान्यास

7600 करोड़ की 10 परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास और शुभारंभ।

एनएच की 6,400 करोड़ की पांच परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास।

रायपुर-कोडेबोड़ खंड की 988 करोड़ की 33 किमी लंबी फोर लेन सड़क।

1261 करोड़ की 53 किमी बिलासपुर-पथरापाली खंड पर फोर-लेन सड़क।

रायपुर-विशाखापत्तनम कॉरिडोर के तीन एनएच परियोजनाओं की आधारशिला।

एनएच-130 सीडी पर 1368 करोड़ की 43 किमी लंबी 6लेन झांकी-सरगी खंड।

एनएच-130 पर 1471 करोड़ की 57 किमी लंबी 6 लेन सरगी-बसनवाही खंड।

इसी में 1307 करोड़ की 25 किमी लंबी सिक्सलेन वाले बसनवाही-मारंगपुरी खंड।

750 करोड़ की 103 किमी लंबी रायपुर-खरियार रोड रेल लाइन का दोहरीकरण।

290 करोड़ की केवटी-अंतागढ़ को जोड़ने वाली 17 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन।

कोरबा में 130 करोड़ की लागत से एलपीजी बॉटलिंग प्लांट का लोकार्पण।

आयुष्मान भारत के लाभार्थियों को 75 लाख कार्डों के वितरण का शुभारंभ।

रायपुर-विशाखापटनम कॉरिडोर में उदंती अभ्यारण में 2.8 किमी 6लेन सुरंग निर्माण।

छत्तीसगढ़ में 1.60 करोड़ ज्यादा जनधन बैंक खाते खोले गए।

मुद्रा योजना से 40 हज़ार करोड़ से अधिक की मदद छत्तीसगढ़ के युवाओं को।

छत्तीसगढ़ के 2 लाख छोटे उद्यमों को 5 हजार करोड़ रुपए की मदद।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button