Uttar Pradesh News : बारिश के बाद ज़मानियाँ रेलवे फाटक बना तालाब, राहगीर परेशान

ब्यूरो चीफ साकिर हसन अंसारी गाजीपुर उत्तर प्रदेश
गाज़ीपुर। ज़मानियाँ रेलवे स्टेशन बाज़ार स्थित रेलवे फाटक पर बारिश के बाद एक बार फिर जलभराव की गंभीर समस्या देखने को मिली। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के समीप स्थित यह फाटक पूरी तरह पानी में डूब गया, जिससे राहगीरों, दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यह मार्ग ज़मानियाँ नगर सहित कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है। प्रतिदिन हजारों लोग इसी मार्ग से आवागमन करते हैं, लेकिन जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण हर बारिश में यह फाटक तालाब का रूप ले लेता है। लोगों को मजबूरन गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे दुर्घटना और संक्रमण का खतरा भी बना रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या से वे लंबे समय से जूझ रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग और प्रशासन की ओर से अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। लोगों ने प्रशासन और रेलवे विभाग से जल्द से जल्द जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि आम जनता को इस परेशानी से राहत मिल सके।


Subscribe to my channel