*धनबाद के सरकारी स्कूलों में लगेगा दस्तावेज़ महाअभियान, विद्यार्थियों के आधार और जन्म प्रमाण पत्र बनेंगे कैंप में*

👉अब स्कूल में ही बनेंगे आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र, जिला प्रशासन की बड़ी पहल
👉विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की तैयारी, हर सरकारी विद्यालय में लगेगा विशेष शिविर
👉आधार और जन्म प्रमाण पत्र के लिए अभिभावकों को नहीं लगाने होंगे चक्कर, स्कूलों में पहुंचेगी टीम
👉डीसी आदित्य रंजन ने दिए निर्देश, दस्तावेज़ीकरण अभियान की निगरानी करेगी टास्क फोर्स
*धनबाद:* सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को आवश्यक दस्तावेज़ उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन जल्द ही विशेष अभियान शुरू करने जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र बनाने एवं अपडेट करने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। पूरे अभियान की निगरानी के लिए जिला स्तर पर टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा।
इस संबंध में शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी *आदित्य रंजन* ने यूआईडी, शिक्षा विभाग और समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर अभियान की रूपरेखा तय की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविरों का संचालन व्यवस्थित ढंग से किया जाए, ताकि किसी भी छात्र को आवश्यक दस्तावेज़ बनवाने में परेशानी न हो।
उपायुक्त ने कहा कि कई विद्यार्थियों को आधार कार्ड अथवा जन्म प्रमाण पत्र नहीं होने के कारण छात्रवृत्ति, नामांकन और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाई होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए विद्यालय परिसर में ही सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। शिविर में नए आधार कार्ड बनाने के साथ पुराने आधार कार्ड का अपडेट और जन्म प्रमाण पत्र पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने बताया कि शिविरों की तिथि जल्द घोषित की जाएगी। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेज़ों के साथ विद्यालय पहुंचकर अपने बच्चों का आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया पूरी कराएं।
उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधीक्षक और जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों तथा बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन का लक्ष्य सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत शत-प्रतिशत विद्यार्थियों के आवश्यक दस्तावेज़ तैयार कराना है।
बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, जिला परियोजना पदाधिकारी यूआईडी सह ई-जिला प्रबंधक अमित कुमार सिंह, जिला शिक्षा अधीक्षक शालिनी डुंगडुंग, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप, एमआईएस पदाधिकारी अशोक रवानी, सतिश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Subscribe to my channel