ब्रेकिंग न्यूज़

दलहन बीज उत्पादन से बढ़ेगी किसानों की आय, पांच दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

दलहन बीज उत्पादन से बढ़ेगी किसानों की आय, पांच दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

गोण्डा,मनकापुर। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज अयोध्या के अधीन संचालित कृषि विज्ञान केंद्र, मनकापुर में आयोजित पांच दिवसीय ‘दलहन बीज उत्पादन तकनीक’ विषयक रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हो गया। प्रशिक्षण में किसानों एवं प्रतिभागियों को दलहनी फसलों के उन्नत बीज उत्पादन की वैज्ञानिक तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई।
समापन अवसर पर डॉ. एस.के. वर्मा, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष ने प्रशिक्षणार्थियों से दलहनी फसलों का बीज उत्पादन अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि परंपरागत धान और गेहूं की खेती की तुलना में दलहनी फसलों के बीज उत्पादन से किसानों को अधिक लाभ प्राप्त हो सकता है।
प्रशिक्षण समन्वयक डॉ. राम लखन सिंह, वरिष्ठ वैज्ञानिक (शस्य विज्ञान) ने उड़द, मूंग और अरहर की उन्नत किस्मों, बीज चयन, बुवाई की विधि, पृथक्करण दूरी, बीज की श्रेणियां, खरपतवार प्रबंधन एवं रोगिंग की वैज्ञानिक जानकारी दी।
कार्यक्रम में डॉ. डी.के. श्रीवास्तव ने कार्बनिक खादों के महत्व, डॉ. अजीत सिंह वत्स ने बीज शोधन, बीज उपचार, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन, डॉ. मनोज कुमार सिंह ने सिंचाई प्रबंधन, डॉ. हनुमान प्रसाद पांडे ने उर्वरक प्रबंधन, मृदा परीक्षण एवं जल विलेय उर्वरकों के पर्णीय छिड़काव, डॉ. ज्ञानदीप गुप्ता ने मत्स्य तालाबों के बंधों पर दलहनी फसलों के बीज उत्पादन तथा डॉ. दिनेश कुमार पांडे ने खेत की तैयारी एवं ग्रीष्मकालीन गहरी जुताई की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षण में रामसागर वर्मा, संदीप कुमार, आदर्श मिश्रा, सुनील कुमार द्विवेदी सहित अनेक प्रतिभागियों ने भाग लेकर दलहन बीज उत्पादन की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यक्रम के समापन पर वैज्ञानिकों ने किसानों से वैज्ञानिक विधियों को अपनाकर गुणवत्तायुक्त बीज उत्पादन के माध्यम से आय बढ़ाने का आह्वान किया।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button