IC News and Media House Private Limited


Bhopal

भोपाल में आयोजित होगी भव्य”आर्मी डे परेड”कलेक्टर ने समय-सीमा में व्यवस्थाएं पूर्ण करने के दिए निर्देश

रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल मध्यप्रदेश

राजधानी भोपाल में 15 जनवरी, 2027 को भव्य ‘आर्मी डे परेड–2027’ आयोजित की जाएगी। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन की पूर्व तैयारियों और अंतर-विभागीय समन्वय के संबंध में बुधवार को कलेक्टर प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में भारतीय सेना के कर्नल सुब्रत मिश्रा, कर्नल सनी जुनेजा, अपर कलेक्टर श्री महेंद्र कवचे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। मध्यप्रदेश और राजधानी भोपाल के लिए आर्मी डे परेड की मेजबानी करना अत्यंत गौरव का अवसर है। यह आयोजन ‘आपकी सेना आपके पास’ की अवधारणा को साकार करने के साथ ही सैन्य और नागरिक तंत्र के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन की गरिमा के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार समय-सीमा में पूर्ण की जाएं। कर्नल सुब्रत मिश्रा ने आयोजन की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि मुख्य ‘आर्मी डे परेड’ भेल स्थित कालीबाड़ी मार्ग पर आयोजित होगी। टीटी नगर स्टेडियम में देशभक्ति से ओत-प्रोत भव्य ‘शौर्य संध्या’ का आयोजन किया जाएगा। जंबूरी मैदान में भारतीय सेना के अत्याधुनिक सैन्य उपकरणों का ‘स्टेटिक एवं डायनेमिक डिस्प्ले’ प्रदर्शित होगा। वहीं, बड़ा तालाब स्थित वीआईपी बोट क्लब क्षेत्र में सेना के शौर्य, सामरिक क्षमता और रणनीतिक कौशल पर आधारित ‘इंटीग्रेटेड कॉम्बैट डिस्प्ले’ आयोजित किया जाएगा। कर्नल मिश्रा ने आयोजन को सफल बनाने के लिए मध्यप्रदेश शासन और भोपाल जिला प्रशासन से निरंतर सामंजस्य, समन्वय एवं सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की। परेड एवं इससे जुड़े कार्यक्रमों में लगभग 50 हजार दर्शकों की उपस्थिति संभावित है। इसे ध्यान में रखते हुए सुचारू यातायात प्रबंधन, आवश्यक रूट डायवर्जन, पर्याप्त दर्शक बैठक व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा और निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।जिला सड़क सुरक्षा समिति को परेड से जुड़े मार्गों एवं आवागमन व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही आयोजन में भाग लेने वाले सैन्य दस्तों के गरिमापूर्ण ठहराव एवं आवास प्रबंधन के लिए सभी अनुविभागीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button