Uttar Pradesh News : फतेहपुर ने बदली तस्वीर: ‘आकांक्षी से अग्रणी’ की ओर, CM योगी ने 160 करोड़ की पेयजल योजना समेत सैकड़ों करोड़ की परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

ब्यूरो प्रमुख शरद कुमार फतेहपुर, उत्तर प्रदेश
फतेहपुर। शनिवार को फतेहपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले को विकास की सौगातों से भर दिया। दो विधानसभा क्षेत्रों के लिए सैकड़ों करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए उन्होंने कहा कि अब फतेहपुर आकांक्षी जिला नहीं रहा। यह विकसित उत्तर प्रदेश की यात्रा में बराबरी से कदम मिला रहा है और उन्हें भरोसा है कि नीति आयोग के अगले सर्वे में फतेहपुर विकसित जिलों की सूची में अपनी जगह बनाएगा। मुख्यमंत्री ने मंच से साफ कहा कि अच्छी सरकार वही है जो बिना भेदभाव के जनता तक योजनाओं का लाभ पहुंचाए। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित हो चुका है। माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है और अपराध से कमाई गई संपत्तियां भी जब्त की जा रही हैं। भू-माफिया, पशु माफिया और बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए अब सिर्फ दो रास्ते बचे हैं – या तो जेल या जहन्नुम। समाजवादी पार्टी पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि पहले गुंडे और माफिया सरकार को आंख दिखाते थे। उस समय निवेश और विकास दोनों प्रभावित होते थे। लेकिन आज प्रदेश में सुरक्षा का माहौल है इसलिए बड़े निवेश भी आ रहे हैं। छात्रों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि नीट परीक्षा में गड़बड़ी और पेपर लीक करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पेपर लीक में शामिल लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, उनकी संपत्ति जब्त होगी और उन्हें कड़ी सजा मिलेगी। एनटीए के 37 अधिकारियों की सेवाएं समाप्त करने के फैसले को उन्होंने छात्रों के भविष्य की रक्षा के लिए उठाया गया कठोर कदम बताया।

उन्होंने कहा कि बीते सवा नौ साल में उत्तर प्रदेश में 9 लाख से अधिक युवाओं को बिना किसी सिफारिश के सरकारी नौकरी मिली है। पहले जैसी व्यवस्था होती तो ये संभव नहीं था। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना से छोटे-बड़े उद्योगों को बढ़ावा मिला है और रोजगार के नए रास्ते खुले हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री ने विधायक विकास गुप्ता, कृष्णा पासवान, राजेंद्र सिंह पटेल, जयकुमार सिंह ‘जैकी’ और साध्वी निरंजन ज्योति के प्रयासों को सराहा। कहा कि उनके निरंतर प्रयास से ही फतेहपुर को इतनी बड़ी परियोजनाएं मिली हैं।
आज फतेहपुर-भिटौरा-हिनौता मार्ग, बहलाई-भांडा मार्ग और असोथर-चौरौली-रामनगर-पोहन मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का लोकार्पण हुआ। साथ ही पुलिस लाइन की बहुमंजिला बैरक, पीएसी बहनी की बैरक, राजकीय आईटीआई का उन्नयन, मवेरी बुजुर्ग में आयुष अस्पताल, आईटीआई सिविल लाइन में प्रोजेक्ट लैब, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का उन्नयन और लगभग 160 करोड़ रुपये की पेयजल पुनर्गठन योजना भी जनता को समर्पित की गई।
वहीं मनावा-सड़कटी मार्ग और संकरपुरवा-सतखरा-गटरिया डेरा-पंदुआ मार्ग के चौड़ीकरण, मेडिकल कॉलेज परिसर में नर्सिंग कॉलेज और छात्रावास, राजकीय पॉलिटेक्निक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, साइबर थाने का प्रशासनिक भवन, पुलिस लाइन छात्रावास और ग्रामीण स्टेडियम की आधारशिला भी रखी गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स और थ्री-डी प्रिंटिंग की पढ़ाई होगी। इससे जिले के युवाओं को आधुनिक तकनीक सीखने और रोजगार पाने के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि फतेहपुर मेडिकल कॉलेज से डॉक्टरों का पहला बैच 2027 में निकलेगा और नर्सिंग कॉलेज बनने से जिले की बेटियों को यहीं बेहतर शिक्षा और रोजगार मिलेगा। अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि जब फतेहपुर विकसित होगा तभी उत्तर प्रदेश और भारत के विकसित होने का संकल्प पूरा होगा।


Subscribe to my channel