ब्रेकिंग न्यूज़

बिजली तार विवाद से भड़की हिंसा, फायरिंग और थाना परिसर में मुखिया पर हमला; विरोध में मुखिया संघ का धरना

👉अपर मंदरा-माथाबांध विवाद ने लिया हिंसक रूप, कई घायल; थाना में मुखिया पर हमले से बढ़ा तनाव

👉बरोरा में दोहरी घटना से हड़कंप, बिजली तार विवाद के बाद थाना परिसर में हमला, मुखिया संघ ने खोला मोर्चा

👉मारपीट, कथित हवाई फायरिंग और थाना में हमला, डीएसपी के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ मुखिया संघ का धरना

धनबाद | बरोरा:

बरोरा थाना क्षेत्र के अपर मंदरा और माथाबांध गांव में बिजली का टूटा तार जोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद शनिवार देर शाम हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और कई राउंड कथित हवाई फायरिंग की भी सूचना है। इस दौरान एक स्कॉर्पियो वाहन में तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना में मंदरा पंचायत की मुखिया ललिता देवी समेत सात लोग घायल हो गए। वहीं, इस मामले के बाद बरोरा थाना परिसर में डुमरा उत्तर पंचायत के मुखिया विनोद कुमार पर हुए हमले के विरोध में बाघमारा मुखिया संघ ने रविवार को धरना दिया, जो डीएसपी के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया।

जानकारी के अनुसार, बिजली का तार टूटने से अपर मंदरा और माथाबांध के कुछ हिस्सों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई थी। तार जोड़ने के दौरान दोनों गांवों के युवकों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और फायरिंग के आरोप लगाए हैं। माथाबांध के लोगों ने मुखिया पुत्र गौरव चौहान पर पहले फायरिंग करने का आरोप लगाया है, जबकि अपर मंदरा के लोगों ने माथाबांध के युवकों पर मारपीट, फायरिंग और वाहन में तोड़फोड़ का आरोप लगाया है।

घटना में मुखिया ललिता देवी, शारदा देवी और गोलू चौहान के अलावा दूसरे पक्ष के राजकुमार चौहान, रितेश चौहान, ओम चौहान और राजा रवानी घायल हुए हैं। सभी का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से भी पुराना विवाद चला आ रहा है, जिससे मामूली कहासुनी ने बड़ा रूप ले लिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कतरास, बरोरा, बाघमारा, सोनारडीह, मधुबन और धरमाबांध थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस बल की तैनाती कर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखी गई है।

इसी मामले को लेकर शनिवार देर रात बड़ी संख्या में लोग बरोरा थाना पहुंचे थे। इसी दौरान किसी निजी कार्य से थाना पहुंचे डुमरा उत्तर पंचायत के मुखिया विनोद कुमार पर कुछ लोगों ने कथित रूप से हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। इस घटना से आक्रोशित बाघमारा मुखिया संघ के एक दर्जन से अधिक जनप्रतिनिधियों ने रविवार को थाना परिसर में धरना शुरू कर दिया और चार नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बाघमारा डीएसपी अजीत कुमार बिमल थाना पहुंचे और धरनारत मुखियाओं से वार्ता की। उन्होंने निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध शीघ्र कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद मुखिया संघ ने अपना धरना समाप्त कर दिया।

फिलहाल पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है। क्षेत्र में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और कानून-व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button