गोण्डा जंक्शन पर मोबाइल चोर गिरफ्तार, 65 हजार रुपये के दो चोरी के एंड्रॉयड फोन बरामद
आरपीएफ, सीआईबी, टास्क टीम और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में शातिर अभियुक्त दबोचा गया , पहले से भी दर्ज हैं चोरी के मुकदमे।

गोण्डा । वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त लखनऊ एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त गोंडा के निर्देशन में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), अपराध सूचना शाखा (सीआईबी), टास्क टीम और जीआरपी गोंडा की संयुक्त टीम ने शनिवार को एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो चोरी के एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत करीब ₹65,000 बताई गई है।
संयुक्त टीम गोंडा जंक्शन पर आपराधिक गतिविधियों की निगरानी एवं गश्त कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-2 के पश्चिमी छोर स्थित शौचालय के पास एक संदिग्ध युवक को पकड़कर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह गोंडा रेलवे स्टेशन के आसपास ट्रेनों में सो रहे यात्रियों के मोबाइल चोरी करता था और बाद में मजबूरी का बहाना बनाकर अन्य लोगों को बेच देता था। इसके बाद पुलिस ने उसे संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मोटू पुत्र जुम्मन, निवासी ग्राम खंभुआ वीरनापुर, थाना कोतवाली देहात, जनपद बलरामपुर (उम्र 25 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल फोनों में से एक के संबंध में जीआरपी गोंडा में पूर्व से मुकदमा दर्ज है। वहीं वर्तमान बरामदगी के आधार पर भी जीआरपी थाना गोंडा में धारा 317(2) बीएनएस के तहत नया मुकदमा पंजीकृत किया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक नीरज कुमार द्वारा की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध गोंडा स्टेशन पर आने-जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों के सामान चोरी करने के दो मामले पहले से दर्ज हैं। वह काफी शातिर अपराधी है और लंबे समय से रेलवे यात्रियों को निशाना बना रहा था।
संयुक्त कार्रवाई में शामिल टीम:
आरपीएफ गोंडा के निरीक्षक अनिरुद्ध राय, सीआईबी गोंडा के निरीक्षक उदय राज, उपनिरीक्षक लाल साहब सिंह, एएसआई दिलीप कुमार सिंह, कांस्टेबल अरशद अली, राजकुमार शर्मा, जितेंद्र कुशवाहा तथा जीआरपी गोंडा के उपनिरीक्षक रवि प्रकाश यादव एवं उनकी टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
Subscribe to my channel