भोपाल कलेक्टर ने भीम नगर में चौपाल लगाकर समस्याओं के त्वरित निराकरण के दिया आश्वासन

रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल मध्यप्रदेश
सुशासन को जन-जन तक पहुँचाने और आम नागरिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सोमवार को वार्ड क्रमांक 33 स्थित भारत रत्न पंडित अटल बिहारी वाजपेयी मंगल भवन एवं भीम नगर क्षेत्र का सघन भ्रमण कर चौपाल लगाई। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना।कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भीम नगर क्षेत्र में शीघ्र ही विशेष शिविर आयोजित किए जाएँ, ताकि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण किया जा सके। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ भी पात्र नागरिकों तक पहुँचाया जाए तथा आवश्यक दस्तावेजों एवं सेवाओं से संबंधित कार्यों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाए। भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं का विस्तृत सर्वेक्षण कर आवश्यक कार्यों की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायतों का निराकरण करना ही नहीं, बल्कि नागरिकों की समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।




Subscribe to my channel