मुख्यमंत्री बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जाकर राहत और विशेष चिकित्सा शिविर लगाने के निर्देश दिये

रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल मध्यप्रदेश
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार की शाम दिल्ली से सीधे रीवा पहुंचकर रीवा-शहडोल संभाग में अतिवृष्टि और राहत कार्यों की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविर अच्छी तरह से संचालित किये जायें। बाढ़ से प्रभावित सभी गाँव और नगरीय क्षेत्रों के वार्डों में विशेष चिकित्सा शिविर लगाये जाये। यदि लोगों का खाने पीने का सामान, घर इत्यादि नष्ट हो गए हों उन्हें तत्काल आरबीसी 64 के तहत सहायता उपलब्ध कराएं। बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल और मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार सभी बाढ़ प्रभावितों के साथ खड़ी है। हम जान-माल-मवेशी सबकी सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। राहत एवं बचाव कार्य चलाये जा रहे हैं। बाढ़ से प्रभावित किसी भी व्यक्ति को कोई परेशानी नहीं आने दी जायेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जहां अभी भी बाढ़ का पानी है, वहां राहत कैंप अच्छी तरह से संचालित किए जाएं। राहत कैंपों में समुचित मात्रा में खाद्य सामग्री, पीने के पानी एवं चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करें। शिविरों में साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखा जाए। जहां बाढ़ का पानी उतर गया है, वहां शासकीय अमले को भेजें, लोगों को खाने-पीने की किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।




Subscribe to my channel