विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम अंतर्गत बेतवा नदी में मॉक ड्रिल आयोजित, जवानों ने दिखाए रेस्क्यू कौशल

रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल मध्यप्रदेश
होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन मुख्यालय, मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के में जिला विदिशा में बंगला घाट स्थित बेतवा नदी पर 29 जून से 40 होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ जवानों का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी बचाव कार्यों के लिए जवानों को व्यावहारिक रूप से दक्ष बनाना है। प्रशिक्षण के तृतीय दिवस पर प्रशिक्षकों द्वारा जवानों को जल आपदाओं के दौरान किए जाने वाले रेस्क्यू कार्यों की बारीकियों से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण में नदी, बाढ़ एवं जलभराव जैसी परिस्थितियों में बचाव कार्यों के लिए आवश्यक तकनीकों, सुरक्षा उपायों तथा आधुनिक उपकरणों के उपयोग की जानकारी दी गई। कलेक्टर के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में प्लाटून कमांडर के नेतृत्व में एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन भी किया गया। इस दौरान नाव पलटने की स्थिति, नदी के बीच टापू पर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने तथा डीप डाइविंग के माध्यम से खोज एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया गया। जवानों ने विभिन्न आपदा परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वित बचाव कार्यों का सफल प्रदर्शन कर अपनी दक्षता का परिचय दिया। मॉक ड्रिल के दौरान अपर कलेक्टर एवं एसडीएम उपस्थित रहे। उन्होंने आपदा प्रबंधन से संबंधित उपकरणों की जानकारी प्राप्त की तथा प्रशिक्षण गतिविधियों का अवलोकन किया। अधिकारियों ने बचाव कार्यों के लिए उपलब्ध संसाधनों, उपकरणों एवं जवानों की तैयारियों का जायजा लेते हुए आवश्यक निर्देश भी दिए।प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से जिले में आपदा प्रबंधन तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस प्रशिक्षण से जवानों की क्षमता में वृद्धि होगी और वे किसी भी आपदा की स्थिति में बेहतर तरीके से अपनी सेवाएं प्रदान कर सकेंगे।



Subscribe to my channel