Bhopalशिक्षा

नीट अंडर ग्रेजुएट परीक्षा इक्कीस जून को मुख्यमंत्री ने वीसी से की नीट की तैयारियों की समीक्षा

रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि नीट राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा है। इसके लिए सभी तैयारियां समय से पहले पूरी कर ली जाएं। बेहतर प्रबंधन एवं कार्य कुशलता से पूरी पारदर्शिता के साथ यह परीक्षा सम्पन्न करायें। उन्होंने कहा कि परीक्षा आयोजन में किसी भी स्तर पर किसी भी प्रकार की कमी या त्रुटि न रहे। परीक्षा कराने में संलग्न सभी अधिकारी-कर्मचारी पूरी मुस्तैदी से अपने कर्तव्यों का पालन करें। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को मंत्रालय में नीट अंडर ग्रेजुएट परीक्षा-2026 की आगामी रविवार 21 जून को होने वाली परीक्षा की तैयारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से समीक्षा की। यह परीक्षा प्रदेश के 30 जिलों के 283 परीक्षा केंद्रों में सम्पन्न कराई जाएगी। नीट परीक्षा की कुल अवधि ‘सवा तीन घंटे’ की होगी। इस बार सभी परीक्षार्थियों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नीट परीक्षा के समन्वयक उच्च शिक्षा विभाग को निर्देश दिए हैं कि सभी परीक्षा केन्द्रों में लगाई जाने वाली बायोमैट्रिक मशीन, सीसीटीवी कैमरे एवं जैमर 19 जून को ही परीक्षा केन्द्रों में लगा दिए जाएं और 20 जून को इनका ट्रायल रन भी कर लिया जाए। 21 जून को राष्ट्रपति का जबलपुर प्रवास प्रस्तावित है। जबलपुर शहर में 24 केंद्रों में नीट परीक्षा होनी है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी यातायात का ऐसा प्रबंधन करें कि सभी परीक्षार्थी बिना किसी बाधा के अपने-अपने परीक्षा केंद्रों में सुगमता से पहुंच जायें। चूंकि नीट परीक्षा के दिन अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन में भी होने हैं, इन आयोजनों के कारण परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई कठिनाई न हो। यातायात का बेहतर नियोजन करें। सुनिश्चित करें कि सभी परीक्षार्थी तय समय से पहले तक केन्द्रों में पहुंच जायें। यदि किसी परीक्षार्थी को सेंटर तक पहुंचने में आवागमन के साधन की परेशानी आ रही है तो प्रशासन और पुलिस अधिकारी किसी शासकीय वाहन या खुद अपने वाहन से उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में सहयोग करें। परीक्षा केंद्रों वाले सभी 30 जिलों के कलेक्टर्स-एसपी एवं परीक्षा सम्पन्न कराने की व्यवस्थाओं से जुड़े अधिकारियों को वीसी से निर्देशित किया कि नीट परीक्षा की तैयारियों के लिए उपयोग में लाई गई एसओपी अब प्रदेश में होने वाली सभी परीक्षाओं में उपयोग में लाई जाएगी। परीक्षा केन्द्रों वाले जिलों के पुलिस कमिश्नर, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारियों ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से जुड़कर परीक्षा की अब तक की तैयारियों की जानकारी दी।अपर मुख्य सचिव, उच्च शिक्षा एवं जनसंपर्क अनुपम राजन ने परीक्षा की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि नीट परीक्षा आयोजन के लिए जिलास्तरीय समन्वय समिति का गठन कर इनकी बैठकें भी कर ली गई है। नियंत्रण कक्ष की स्थापना कर जिला नोडल अधिकारी की नियुक्ति भी कर दी गई है। प्रत्येक 3-4 परीक्षा केन्द्रों के लिए एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की गई है। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर सहायक उपनिरीक्षक स्तर के पुलिस अधिकारी की नियुक्ति की गई है। बताया कि नीट परीक्षा आयोजन के लिए संबंधित जिलों में सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किये गये है। परीक्षा के प्रश्नपत्र प्रदेश के पांच एयरपोर्ट के जरिए पहुंच चुके है। प्रश्न पत्र एनटीए द्वारा तय किये गये दो अधिसूचित बैंकों में सुरक्षित रखे गये हैं। परीक्षा के दिन वाहनों की व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा की जाएगी। इन वाहनों की जानकारी आज शाम तक एनटीए को दे दी जाएगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों में दो-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। बाहरी सुरक्षा परत राज्य पुलिस होमगार्ड की होगी। आंतरिक सुरक्षा परत एनटीए द्वारा नियुक्त एजेंसी की रहेगी। महिला विद्यार्थियों के लिए अलग से फ्रिस्किंग सुविधा रहेगी। इसके लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर जनरेटर की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाएगी। परीक्षा कक्ष में उचित प्रकाश व्यवस्था तथा पंखे चालू अवस्था में हों, ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। परीक्षा केंद्रों में सभी विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, ओआरएस और ग्लूकोज़ की व्यवस्था, प्रत्येक केंद्र पर एक प्राथमिक स्वास्थ्यकर्मी एवं प्राथमिक उपचार किट, नियंत्रण कक्ष में डॉक्टरों और पैरामेडिक्स की स्वास्थ्य टीम भी रहेगी, जिनका प्रतिक्रिया समय न्यूनतम रहेगा। परीक्षा केंद्र में विद्यार्थियों के साथ आने वाले परिजनों अभिभावकों संरक्षकों के लिए पर्याप्त आकार का टेंट और मोबाइल शौचालय बनाए जायेंगे। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक क्लॉक रूम भी होगा। परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए समुचित तरीके से भीड़ प्रबंधन किया जायेगा, साथ ही शहर से दूर स्थापित परीक्षा केंद्र तक विद्यार्थियों को पहुंचाने के लिए सार्वजनिक परिवहन सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि एनटीए द्वारा एयरफोर्स के जरिए प्रश्नपत्र उपलब्ध कराये जा रहे है। बालाघाट में हेलिकॉप्टर से प्रश्न प्रत्र पहुंचाये जा रहे हैं। इन जिलों में होगी नीट की परीक्षा नीट (अंडर ग्रेजुएट) परीक्षा – 2026 मध्यप्रदेश के 30 जिलों के 283 परीक्षा केन्द्रों में होगी। यह परीक्षा इन्दौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, उज्जैन, सागर, छिंदवाड़ा, बैतूल, भिंड, बालाघाट, अशोकनगर, छतरपुर, रतलाम, बड़वानी, खरगौन, धार, खंडवा, नर्मदापुरम्, दमोह, दतिया, देवास, गुना, मंदसौर, मुरैना, नीमच, राजगढ़, सिंगरौली, विदिशा और सतना जिले में होगी। परीक्षा रविवार, 21 जून 2026 समय दोपहर 2 बजे से 5:15 बजे तक समयावधि 3 घंटे 15 मिनट रहेगी।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button