*यातायात व अतिक्रमण पर तहसील सभागार में हुई अहम बैठक*

यातायात व अतिक्रमण पर तहसील सभागार में हुई अहम बैठक
भरथना की सड़कों से हटेगी पार्किंग, ठेले और अतिक्रमण
अब नियम नहीं माने तो कटेगा चालान: भरथना की यातायात व्यवस्था पर प्रशासन सख्त

भरथना/इटावा । नगर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने एवं अवैध अतिक्रमण हटाने को लेकर शुक्रवार को तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक आवश्यक बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में नगर क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण, जाम की समस्या तथा सड़क किनारे किए गए अस्थायी व स्थायी कब्जों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपजिलाधिकारी काव्या सी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए और अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध चरणबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर तहसीलदार दिलीप कुमार पालिकाध्यक्ष अजय यादव उर्फ गुल्लू, पुलिस क्षेत्राधिकारी रामदवन मौर्य, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका संतोष कुमार मिश्रा, थाना प्रभारी विक्रम सिंह, पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता, विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी दिलीप साहू, नीरज कुमार जेई सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में सभासदों, व्यापार मंडल, बस यूनियन, ऑटो चालकों, बार एसोसिएशन, विद्यालय प्रतिनिधियों तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी अपनी-अपनी समस्याएं और सुझाव रखे।
उपजिलाधिकारी काव्या सी ने सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यातायात सुधार और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जनहित में है, जिसे प्रशासन और जनता के आपसी सहयोग से ही सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी, जबकि सहयोग करने वालों को पूरा प्रशासनिक समर्थन मिलेगा।
.
तहसील सभागार में आयोजित बैठक के दौरान उपजिलाधिकारी काव्या सी ने कहा कि कस्बे की सड़कों पर हो रही अवैध पार्किंग को पूरी तरह समाप्त किया जाएगा। उन्होंने नगर के मुख्य स्थानों को चिन्हित करते हुए मिडिल स्कूल परिसर एवं पुराने अस्पताल के पास दो स्थायी पार्किंग स्टैंड बनाए बनाए जाने की बात कही, जिससे सड़क पर होने वाले जाम से राहत मिलेगी।उपजिलाधिकारी ने आगे कहा कि नगर में तीन ऐसे क्षेत्र चिन्हित किए गए हैं जहां सबसे अधिक जाम की समस्या रहती है। सबसे पहले बालूगंज मार्ग पर अभियान चलाया जाएगा, जहां से सब्जी के ठेले हटाकर सभी ठेलेवालों को सब्जी मंडी में स्थानांतरित किया जाएगा। इसके बाद सरोजनी रोड पर बैंक के सामने सड़क पर की जा रही पार्किंग को पूरी तरह समाप्त कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि तिलक रोड स्थित भरथना रेलवे क्रॉसिंग को बंद किया जाना प्रस्तावित है। क्रॉसिंग बंद होने के बाद आवागमन पाली बंबा ओवरब्रिज के माध्यम से किया जायेगा । साथ ही रेलवे क्रॉसिंग पर फुट ओवरब्रिज का प्रस्ताव है, जिसके बन जाने के बाद पैदल यात्रियों की आवाजाही संभव होगी।
उपजिलाधिकारी काव्या सी ने व्यापारियों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि जो दुकानदार अपनी दुकानों के आगे किराये पर अस्थायी दुकानें लगवाते हैं, उनके विरुद्ध भी जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर पालिका ऑफिस तक पहुंचने में 500 मीटर की दूरी तय करने में 30 मिनट तक लग जाते हैं, जो गंभीर स्थिति है। पहले एक सप्ताह तक लोगों को जागरूक किया जाएगा, इसके बाद लगातार अभियान चलाया जाएगा। व्यापार मंडल से अपील की गई कि वे बैठक कर सभी दुकानदारों को निर्देश दें कि कोई भी दुकानदार एक इंच भी आगे सामान न रखे।
उन्होंने बताया कि सड़क पर लगने वाले सभी ठेलेवालों की सूची नगर पालिका द्वारा तैयार की जाएगी और उन्हें टोकन जारी किए जाएंगे। टोकन के अनुसार ही ठेले लगाए जाएंगे। कुछ दिन इस व्यवस्था की निगरानी की जाएगी और नियमों का पालन न करने वालों को वहां से हटा दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या ऑटो चालकों की है, जो सड़क पर खड़े होकर सवारियां भरते हैं।
उन्होंने बताया कि स्कूल संचालकों को निर्देश दिए जाएंगे कि दूर-दराज से आने वाले बच्चों की बसें पहले निकाली जाएं और बसों के संचालन में 5–10 मिनट का अंतर रखा जाए, ताकि सड़कों पर जाम न लगे।
थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने कहा कि जब सभी पार्किंग स्टैंड बन जाएंगे तो लोग वहीं वाहन खड़ा करेंगे, जिससे जाम की स्थिति नहीं बनेगी। इससे व्यापारियों को भी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि बालूगंज मार्ग पर सब्जी दुकानदार अब सब्जी मंडी का उपयोग करेंगे। दो दिन का समय दिया गया है, इसके बाद सभी सब्जी विक्रेताओं को मंडी में ही दुकानें लगानी होंगी। भरथना को सभी लोग मिलकर साफ-सुथरा बनाए ।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संतोष मिश्रा ने कहा कि सड़क पर किया गया अस्थायी अतिक्रमण हटाना बेहद जरूरी है। नगर पालिका तक पहुंचने में भी जाम के कारण कठिनाई होती है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं आपात स्थिति उत्पन्न हो जाए तो फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस तक मौके पर नहीं पहुंच पाती।
क्षेत्राधिकारी रामदवन मौर्य ने कहा कि अभियान को दो चरणों में समयबद्ध तरीके से चलाया जाएगा, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और जनता को अनावश्यक परेशानी न हो।



Subscribe to my channel