बिहार
Trending

तीन मनचलों को पकड़कर पुलिस को सौंपा

मसौढ़ी में छात्राओं से छेड़खानी, लोगों ने तीन मनचलों को पकड़कर पुलिस को सौंपा

मसौढ़ी अनुमंडल मुख्यालय में गुरुवार को छात्राओं के साथ छेड़खानी की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। कोचिंग से पढ़कर घर लौट रही तीन छात्राओं के साथ तीन युवकों ने छेड़खानी की। छात्राओं के विरोध और शोर मचाने के बाद आसपास के लोगों व स्वजनों ने आरोपियों को पकड़कर जमकर पिटाई की और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।

पहली घटना थाना क्षेत्र से पश्चिम स्थित एक मार्केट कॉम्प्लेक्स के पास हुई, जहां नवम वर्ग की दो छात्राओं के साथ बाइक सवार दो युवकों ने छेड़खानी की। छात्राओं ने बताया कि आरोपी लंबे समय से रास्ते में फब्तियां कसते आ रहे थे।

दूसरी घटना गांधी मैदान के पास हुई। यहां कोचिंग से घर लौट रही एक छात्रा स्टेशन की ओर जा रही थी, तभी एक युवक ने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। छात्रा के शोर मचाने पर उसके परिजन और आसपास के लोग सक्रिय हुए और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि पकड़े गए तीनों आरोपियों को छात्राओं के परिजनों द्वारा फटकार लगाने और भविष्य में दोबारा ऐसी हरकत न करने का लिखित इकरार करवाने के बाद छोड़ दिया गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मसौढ़ी, नदौल, नदवां और पोठही से हजारों छात्राएं यहां कोचिंग के लिए आती हैं। लेकिन कोचिंग संस्थानों के आसपास और छात्राओं के आने-जाने के रास्तों पर पुलिस गश्त का अभाव रहता है। इसी कारण मनचलों का जमावड़ा लगा रहता है और अक्सर इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। अधिकांश छात्राएं लोकलाज और डर के कारण शिकायत तक नहीं कर पातीं।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button