
रिपोर्टर आशीष मित्तल कोटपुतली जयपुर राजस्थान
कस्बे के अमाई रोड़ पर शुक्रवार को फायरिंग की घटना को लेकर हडक़म्प मच गया। बताया जा रहा है कि छात्रों के दो गुटों में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। बाद में एक युवक ने पिस्टलनुमा हथियार निकालते हुए फायरिंग कर दी। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में भगदड़ मच गई। आनन-फानन में युवक जिस बिना नंबरी बाइक से आए थे वो वहीं छोड़ गए और किसी अन्य की बाईक लेकर फरार हो गए।
सूचना पर पहुंँची पुलिस ने मौका मुआयना किया। लेकिन मौके से किसी तरह की आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। बाद में पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें कुछ युवक मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। बाद में एक युवक ने ऊपर हाथ कर धमाके करने वाली पिस्टल से दहशत फैलाने का प्रयास भी किया। बाद में एक बाईक पर फायरिंग करने वाले युवक सहित तीन युवक बैठकर फरार हो गए। एसएचओ सवाई सिंह ने बताया कि सूचना पर मौका मुआयना किया था। लेकिन मौके से किसी तरह का खोल व कारतूस बरामद नहीं किया गया। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में किसी प्रकार की रिपोर्ट नहीं आई। फिर भी घटना की गहनता से जांच की जा रही है।

Subscribe to my channel