
रिपोर्टर अंकित शर्मा सीकर राजस्थान
चला. बासडी खुर्द गांव के ग्रामीणों को करीब दो दशक से सड़क बनने का इंतजार है। ग्रामीणों ने बताया कि 2002 में तत्कालीन खंडेला विधायक महादेवसिंह के कोटे से सार्वजनिक निर्माण विभाग ने मास्टर राजेंद्र प्रसाद मीणा के घर से पेट्रोल पम्प तक 400 मीटर सीसी सड़क निर्माण करवाया था। इसके बाद इसकी मरम्मत नहीं की गई। इससे सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई। बाद में परीसीमन के बाद बासड़ी खुर्द गांव नीमकाथाना विधान सभा क्षेत्र में जुड़ गया। इसके बाद से इसकी ओर न तो जनप्रतिनिधियों ने ध्यान दिया और ना ही पीडब्लूडी के अधिकारियों ने इसकी सुध ली। गांव के संदीप शर्मा, गिरधारीलाल यादव, गितेश जांगिड़, राजपाल यादव, पूरणमल यादव, रामेश्वरलाल यादव आदि ने बताया कि इस टूटी सड़क के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती है। बरसात के दिनों में तो यहां पानी भराव के कारण स्कूली बच्चों व ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सरपंच सीमा यादव ने बताया कि इसको लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को अवगत करवाया जा चुका है मगर इस ओर कोई भी ध्यान नहीं दे रहा है। इससे लोगों में नाराजगी है।

Subscribe to my channel