उत्तरप्रदेशराज्य

Uttar Pradesh News दो महिलाओं की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

रिपोर्टर अमित कुशवाहा गुरसराय उत्तर प्रदेश

झांसी में कानपुर हाईवे पर गुरुवार शाम तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रही 8 महिलाओं को कुचल दिया। इसमें दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला की जान इलाज के दौरान चली गई। 5 महिलाओं को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। इनमें दो महिलाओं की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार चालक नशे की हालत में था और वह खड़ा तक नहीं हो पा रहा था।

2 महिलाओं को बोनट पर डालकर 100 मीटर तक घसीटा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुलारा गांव की 8 महिलाएं खेत में मजदूरी पर धान रोपने गई थीं। शाम को वे खेत से पैदल अपने घर को लौट रही थीं। कुछ महिलाओं ने अपने सिर पर चारा की गठरी भी रखी हुई थी। जब वे गांव के पास पहुंचीं, तभी कानपुर की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उनको रौंद दिया।

टक्कर के बाद कार चालक सुमन और सरोज को बोनट पर डालकर करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य महिलाओं का मेडिकल कॉलेज में ट्रीटमेंट चल रहा है।

हादसे में जेठानी, देवरानी समेत 3 की मौत
हादसे में गुलारा निवासी सरोज दोहरे (25) पत्नी महेश दोहरे, उनकी देवरानी रिंकी (35) पत्नी राजू दोहरे और सुमन पाल (35) पत्नी चंद्रशेखर की मौत हो गई। हादसे में मृतक सरोज की सास लक्ष्मी (45), जेठानी कुंती (30), गांव की पनकू (35), किरन (35) और भूरी देवी (60) घायल है। उनको मेडिकल कॉलेज में एडमिट करवाया गया है।

मौके पर ड्राइवर को पकड़ा
प्रत्यक्षदर्शी विकास ने बताया कि आरोपी ड्राइवर कार को लहराते हुए चला रहा था। हादसे के बाद वह कार को दौड़ाता हुआ ले गया। लोगों के रोकने पर उसने कार को रोका। इसके बाद वह कार से नीचे उतरा तो खड़ा नहीं हो पा रहा था। उसने शराब का सेवन कर रखा था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी को ले गई।

गांव में मचा कोहराम
सभी महिलाएं गुलारा गांव की रहने वाली थी। वे गांव के ही एक किसान के खेत में धान लगाने गई थी। जब हादसे की जानकारी लगी तो पूरा गांव मौके पर पहुंच गया। सभी मदद में जुट गए। महिलाए इधर-उधर पड़ी हुई थी। किसी तरह से लोगों ने उनको उठाया और तुरंत मेडिकल कॉलेज भेजा। सरोज और सुमन को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि सरोज की देवरानी रिंकी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीन माैत के बाद गांव में कोहराम मच गया।

8 बच्चों के सिर से उठा मां का साया
हादसे के बाद 8 बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। सुमन पाल के दो बेटी 14 साल की संध्या और 12 साल की साधना है। वहीं, सरोज दोहरे का एक बेटा 8 साल का अंशुल और एक बेटी 5 साल की रिया है। उनकी देवरानी रिंकी की 4 बेटियां हैं। इसमें 14 साल की छबी, 12 साल की माैसम, 9 साल की गुल्लों और 7 साल की कनक है। तीनों के पति मजदूरी करते हैं।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button