Jharkhand News : कतरास के लकड़का में अचानक फटी जमीन, छह नंबर चानक के पास बने गोफ में समाया मवेशी
छह नंबर चानक के समीप धंस गई जमीन, मवेशी गोफ में समाने से इलाके में हड़कंप

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
कतरास। कतरास क्षेत्र के लकड़का स्थित छह नंबर चानक के समीप सोमवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक जमीन का एक हिस्सा धंस गया और वहां देखते ही देखते बड़ा गोफ बन गया। घटना के दौरान एक मवेशी भी जमीन धंसने से बने इस गोफ में समा गया। इसके बाद आसपास के लोगों में भय और चिंता का माहौल बन गया। घटना सोमवार सुबह करीब आठ बजे की बताई जा रही है। जमीन धंसने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने गोफ की गहराई और आसपास की जमीन की स्थिति को लेकर चिंता जताई। सूचना मिलने पर वार्ड संख्या पांच की पार्षद निरुपमा देवी भी घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और स्थानीय ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। पार्षद ने लोगों को आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाते हुए संबंधित प्रबंधन और प्रशासन से सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाने की मांग करने की बात कही।

ग्रामीणों का कहना है कि गोफ के आसपास की जमीन को लेकर भी चिंता बनी हुई है। उनका आरोप है कि क्षेत्र में पहले भी जमीन धंसने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसके कारण स्थानीय लोगों में हमेशा किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। सोमवार की घटना के बाद यह डर और गहरा गया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि घटनास्थल की तत्काल घेराबंदी कर लोगों और मवेशियों की आवाजाही रोकी जाए। साथ ही तकनीकी टीम से जमीन धंसने के कारणों की जांच कराई जाए और यदि आसपास के इलाके में भी खतरे की संभावना हो तो समय रहते आवश्यक सुरक्षा और पुनर्वास संबंधी कदम उठाए जाएं। फिलहाल स्थानीय लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि संबंधित प्रबंधन और प्रशासन इस गंभीर घटना के बाद कितनी तेजी से कार्रवाई करता है। गोफ बनने की घटना ने एक बार फिर भूमिगत खनन प्रभावित क्षेत्रों में जमीन धंसने और स्थानीय आबादी की सुरक्षा से जुड़े सवालों को सामने ला दिया है।

Subscribe to my channel