IC News and Media House Private Limited


ब्रेकिंग न्यूज़

Uttar Pradesh News : मुख्यमंत्री एवं रेल मंत्री नेनेपालगंज रोड से वाराणसी के लिए चली स्पेशल ट्रेन को झंडी दिखाकर किया रवाना प्रतिदिन चलेंगी 4 ट्रेनें

जूनियर रिपोर्टर रमेश कुमार बहराइच उ.प्र.

रुपईडीहा बहराइच। भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र के लिए सोमवार 31 अगस्त का दिन ऐतिहासिक रहा। करीब 137 वर्षों बाद नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन का पुनरुद्धार कर उसे ब्रॉडगेज एवं विद्युतीकृत रेल लाइन से जोड़े जाने के बाद नई रेल सेवा का शुभारंभ किया गया। नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन पर आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रिमोट के माध्यम से नेपालगंज रोड से वाराणसी जाने वाली स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में जुड़े और नवनिर्मित रेलवे स्टेशन एवं नई रेल सेवा के उद्घाटन में सहभागिता की। उद्घाटन के अवसर पर स्पेशल ट्रेन में यात्रियों के लिए यात्रा निःशुल्क रखी गई थी। इसका लाभ उठाते हुए बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने ट्रेन में सफर किया। नेपालगंज रोड से बहराइच तक करीब 56 किलोमीटर लंबी रेल लाइन के निर्माण एवं पुनरुद्धार पर लगभग 730 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। परियोजना के तहत तीन रेलवे स्टेशनों, 31 सबवे तथा तीन ओवरब्रिज का निर्माण कराया गया है।

नेपाल की दैवीय आपदा में मृतकों को दी श्रद्धांजलि कार्यक्रम की शुरुआत पड़ोसी मित्र राष्ट्र नेपाल में आई भीषण दैवीय आपदा में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने देश में रेलवे के विस्तार और नई रेल परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक रेल नेटवर्क देश के विभिन्न हिस्सों को जोड़ने के साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास और व्यापार को नई गति प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी जल्द बुलेट ट्रेन दौड़ाने की दिशा में कार्ययोजना तैयार की जा चुकी है और इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से आगे की कार्रवाई की जा रही है। बहराइच को विकास की नई रफ्तार मिली : योगी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकारों के कार्यकाल में बहराइच को बीमार जिला बना दिया गया था, लेकिन प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार बनने के बाद जिले में तेजी से विकास हुआ है। आज ब्रॉडगेज रेल लाइन का शुभारंभ सीमावर्ती क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

उन्होंने कहा कि इस रेल सेवा का लाभ केवल भारतीय नागरिकों को ही नहीं, बल्कि पड़ोसी मित्र राष्ट्र नेपाल के नागरिकों को भी मिलेगा। सीमावर्ती क्षेत्र के लोग अब देश के प्रमुख शहरों से सीधे जुड़ सकेंगे। वहीं नेपाल के नागरिक बहराइच, गोंडा, अयोध्या और काशी तक आसानी से और कम खर्च में यात्रा कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई रेल सेवा से आवागमन सुगम होने के साथ ही सीमावर्ती क्षेत्र के व्यापार और कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा। माल के परिवहन में खर्च कम होने से रुपईडीहा-नेपालगंज सहित भारत और नेपाल के सीमावर्ती व्यापारियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। प्रतिदिन चलेंगी चार ट्रेनें मुख्यमंत्री ने बताया कि नेपालगंज रोड से प्रतिदिन चार ट्रेनें संचालित होंगी। इनमें दो ट्रेनें नेपालगंज रोड से वाराणसी तक जाएंगी। इनमें से एक ट्रेन अयोध्या होकर जाएगी। इसके अलावा दो डेमो ट्रेनें नेपालगंज रोड से गोंडा तक संचालित होंगी। वाराणसी जाने वाली ट्रेनों के संचालन से नेपाल के लोगों को अयोध्या और काशी की यात्रा एवं दर्शन करने में काफी सुविधा होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रुपईडीहा के रामजानकी इंटर कॉलेज के खेल मैदान में बनाए गए हेलीपैड पर उतरे। यहां भाजपा नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से सीधे कार्यक्रम स्थल नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन पहुंचे।

जनप्रतिनिधि व रेलवे अधिकारी रहे मौजूद कार्यक्रम में बस्ती के सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जगदंबिका पाल, बहराइच सांसद डॉ. आनंद गौड़, पूर्व सांसद अक्षयवर लाल गौड़, महसी विधायक सुरेश्वर सिंह, बहराइच सदर विधायक अनुपमा जायसवाल, पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी, नानपारा विधायक रामनिवास वर्मा, मिहींपुरवा विधायक सरोज सोनकर तथा एमएलसी बहराइच प्रज्ञा त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवडकर, प्रमुख विभागाध्यक्ष, रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल तथा मंडल के विभिन्न रेल विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह में अतिथियों ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं और रेल परियोजनाओं को सीमावर्ती क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।कार्यक्रम में स्थानीय हजारों लोगों के साथ साथ नेपाल के लोग भी सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button