IC News and Media House Private Limited


मध्यप्रदेशमनोरंजन

Madhya Pradesh News सीहोर अनेक खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन “आनंद उत्सव” के तहत किया गया, कलाकारों और दर्शकों ने लिया भरपूर आनंद

छोटी-छोटी चीजें भी अपार खुशियां दे सकती हैं- कलेक्टर

✍️रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन जिला सीहोर, मध्यप्रदेश

जीवन में आनन्द पाने के लिए बड़े- बड़े काम करने या चांद-तारे तोड़ लाने की जरूरी नहीं होती है, बल्कि छोटी-छोटी चीजें भी अपार खुशियां दे सकती हैं। यह बात कलेक्टर प्रवीण सिंह ने जिला स्तरीय आनंद उत्साव के समापन अवसर पर कही। उन्होंने कहा कि आसपास की छोटी-छोटी रचनात्मक और सकारात्मक गतिविधयॉं मन प्रसन्न करने के लिए काफी हैं।

कलेक्टर ने कहा कि हमारा मन सहज, सरल और निर्मल भाव से अपने आसपास छोटी-छोटी गतिविधियों, रचनाओं और प्रकृति की विविधता को देखेगा, तो वह आनन्द से भर जाएगा और आनन्द जीवन के सारे तनावों को दूर कर खुशियों से भर देगा। आनन्द केवल लोगों से या प्रकृति से पाने में ही नहीं है बल्कि, दूसरों को कुछ देने में भी आनंद मिलता है। उन्होंने कहा कि आनन्द का उम्र से कोई लेना देना नहीं है। सहज-सरल भाव से छोटी छोटी चीजों को स्वीकार करें तो किसी भी उम्र में खुश रहा जा सकता है। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का ऐसा राज्य हैं जहां आनंद उत्सव का आयोजन किया जाता है। ताकि लोग कुछ समय अपने काम से दूर रहकर खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से आनंदित हो सकें। कार्यक्रम के अन्त में कलेक्टर प्रवीण सिंह ने पुरस्कार वितरित किये तथा संकल्प वृद्धाश्रम के वृद्धजनों को सम्मानित कर आशीर्वाद लिया।

कलेक्टर प्रवीण सिंह के निर्देशानुसार आनंद उत्सव के तहत जिला मुख्यालय में विभिन्न खेल गतिविधियां एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। खेल गतिविधियों में प्रातः 9:00 बजे जिला प्रशासन इलेवन तथा आष्टा इलेवन के बीच क्रिकेट मैच खेला गया। यह मैच आष्टा इलेवन ने 8 विकेट से जीत लिया। जिला प्रशासन इलेवन के कप्तान कलेक्टर प्रवीण सिंह ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। जिला प्रशासन की टीम में एसपी मयंक अवस्थी, सीईओ जिला पंचायत हर्ष सिंह, एसडीएम अमन मिश्रा सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी शामिल थे। आष्टा एसडीएम राजावत की कप्तानी में आष्टा इलेवन की टीम ने यह मैच 8 विकेट से जीत लिया। इस मैच का दर्शकों ने भरपूर आनंद उठाया और अपनी-अपनी टीम के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते नजर आए। क्रिकेट मैच के पश्चात दोपहर 12:00 से स्थानीय टाउन हाल में विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का पंजीयन आरंभ किया गया। इसके पश्चात खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। दोपहर में रस्साकशी, कुर्सी दौड़, चम्मच दौड़, बोरा दौड़ पुरुष तथा महिला वर्ग में अलग-अलग आयोजित की गई। इन प्रतियोगिता में शासकीय सेवकों के अलावा अन्य नागरिकों ने भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। खेल गतिविधियों के पश्चात दोपहर 2:00 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया जिसमें एकल गायन, एकल नृत्य, समूह नृत्य, वादन आदि आयोजित किए गए। कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर प्रवीण सिंह ने प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण किया।

हंसी-ठहाके और भरपूर मनोरंजन
टाउन हॉल में आयोजित कुर्सी दौड़, रस्साकशी तथा बोरा दौड़ का खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया। वास्तव में इन खेल गतिविधियों ने खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए हंसी ठहाके, भरपूर मनोरंजन के साथ आनंद का अवसर दिया। आनंदम कार्यक्रम के तहत जिला मुख्यालय में आयोजित विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में बच्चों तथा महिलाओं ने भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया संकल्प वृद्धाश्रम के वृद्धजनों गीत और नृत्य प्रस्तुत किये। प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत गायन तथा बहुरंगी वेशभूषा में प्रस्तुत आकर्षक नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। दर्शकों ने सभी कलाकारों की ताली बजाकर सराहना की और उत्साहवर्धन किया। जिला स्तरीय आनंद उत्सव के तहत खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन डीआईओ , मुख्य नगर पालिका अधिकारी, खेल अधिकारी सहित अन्य अधिकारी कर्मचारियों द्वारा किया गया।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button