Madhya Pradesh News प्रधानमंत्री मोदी आज आयेंगे रीवा – प्रधानमंत्री करेंगे राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस समारोह का शुभारंभ

रिपोर्टर प्रदीप कुमार मिश्र त्योंथर रीवा मध्यप्रदेश
रीवा :- विन्ध्य के लिए ऐतिहासिक दिवस होगा। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 24 अप्रैल को एक दिवसीय प्रवास पर रीवा आ रहे हैं। श्री मोदी प्रात: 11.30 बजे एसएएफ मैदान में बनाये गये मुख्य समारोह स्थल में पहुंचकर राष्ट्रीय पंचायत राज दिवस समारोह का शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे। इस समारोह में श्री मोदी विभिन्न रेल परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे तथा रीवा से इतवारी नागपुर ट्रेन को वर्चुअल माध्यम से हरी झण्डी दिखाकर रवाना करेंगे। श्री मोदी समारोह में 7853 करोड़ की लागत से जल जीवन मिशन की पांच बड़ी समूह नल जल योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। समारोह में श्री मोदी पंचायत स्तर पर सर्वाजनिक खरीफ के लिए बनाये गये एकीकृत ई-ग्राम स्वराज और जीईएम पोर्टल का शुभारंभ करेंगे। श्री मोदी समारोह में समावेशी विकास विषय पर आजादी का अमृत महोत्सव अभियान के तहत एकीकृत एकम समावेशी विकास वेबसाइट और मोबाइल एप का शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी समारोह में दूर-दूर से आये हजारों आमजनों को संबोधित करेंगे। समारोह में ग्रामीण विकास योजनाओं की उपलब्धियों पर केन्द्रित धरती कहे पुकार के रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
राष्ट्रीय पंचायत राज दिवस समारोह में प्रदेश के राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल, प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान तथा केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री श्री गिरिराज सिंह, की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। समारोह में केन्द्रीय राज्य मंत्री इस्पात एवं ग्रामीण विकास श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, केन्द्रीय राज्य मंत्री उपभोक्ता मामले खाद्य एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय साध्वी निरंजन ज्योति, केन्द्रीय राज्य मंत्री पंचायती राज मंत्री श्री कपिल मोरेश्वर पाटिल भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। समारोह में प्रदेश के ग्रामीण विकास मंत्री श्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री तथा रीवा जिला के प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह, ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्री रामखेलावन पटेल, सांसद खजुराहो श्री विष्णु दत्त शर्मा, सांसद सतना श्री गणेश सिंह, सांसद रीवा श्री जनार्दन मिश्रा तथा सांसद सीधी श्रीमती रीती पाठक की गरिमामय उपस्थिति रहेगी। समारोह में मध्यप्रदेश सरकार के मुख्य सचिव, भारत सरकार के सचिव पंचायती राज मंत्रालय एवं भारत सरकार के रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। समारोह में जिला पंचायत, जनपद पंचायत एवं ग्राम पंचायतों के हजारों पदाधिकारी एवं आमजन शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान आज आयेंगे रीवा
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 24 अप्रैल को एक दिवसीय प्रवास पर रीवा आयेंगे। मुख्यमंत्री रीवा में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित राष्ट्रीय पंचायतराज सम्मेलन में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान प्रात: 8.45 बजे भोपाल से शासकीय वायुयान से प्रस्थान कर प्रात: 9.20 बजे जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पहुंचेगे। मुख्यमंत्री डुमना एयरपोर्ट से प्रात: 9.25 बजे हेलीकाप्टर से प्रस्थान कर प्रात: 10.15 बजे सैनिक स्कूल हेलीपैड रीवा पहुंचेगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान प्रात: 11 बजे पुलिस लाइन में बनाये गये विशेष हेलीपैड में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का स्वागत करेंगे। मुख्यमंत्री जी पंचायतराज राष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान दोपहर 1.15 बजे हेलीपैड में प्रधानमंत्री जी को विदा करेंगे। मुख्यमंत्री जी दोपहर 1.30 बजे सैनिक स्कूल हेलीपैड से हेली काप्टर से प्रस्थान कर दोपहर 2.20 बजे डुमना एयरपोर्ट जबलपुर पहुंचेगे। जबलपुर से दोपहर 2.25 बजे शासकीय हवाई जहाज से प्रस्थान कर शाम 5 बजे भोपाल पहुंचेगे।
प्रधानमंत्री करेंगे 7853 करोड़ लागत की पांच समूह नल जल योजनाओं का शिलान्यास
रीवा में 24 अप्रैल को एसएएफ मैदान में राष्ट्रीय पंचायतराज दिवस समारोह आयोजित किया जा रहा है। समारोह में देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी समारोह में जल जीवन की पांच बड़ी समूह नल जल योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इनकी कुल लागत 7853 करोड़ 88 लाख रूपये है। इन नल जल योजनाओं से रीवा, सतना तथा सीधी जिले के 4036 गांव में पेयजल की सुविधा मिलेगी। इन गांव के 9 लाख 47 हजार 721 परिवारों को नल से स्वच्छ जल मिलेगा। इन सभी परियोजनाओं से लगभग 47 लाख 14 हजार व्यक्तियों को उनके घर में नल के माध्यम से स्वच्छ पानी मिलेगा। इन गांव के लिए यह प्रधानमंत्री जी का अनूंठा उपहार है।
इस संबंध में कमिश्नर श्री अनिल सुचारी ने बताया कि रीवा जिले की रीवा बाणसागर परियोजना की लागत 2319 करोड़ 45 लाख रूपये है। इससे 1411 गांव में पानी पहुंचेगा। इससे इन गांव के 3 लाख 7 हजार 895 परिवारों को नल से जल मिलेगा। सतना बाणसागर-2 की परियोजना की लागत 2153 करोड़ 12 लाख रूपये है इससे रीवा, सतना जिले के 295 गांव लाभांवित होंगे। इन गांव के 2 लाख 47 हजार 545 परिवारों को पेयजल की सुविधा मिलेगी। सीधी बाणसागर समूह नल जल योजना की लागत 1641 करोड़ 52 लाख रूपये है। इससे 677 गांव में पीने का पानी पहुंचेगा। परियोजना के पूरा होने पर एक लाख 93 हजार 424 परिवारों को नल से जल की सुविधा मिलेगी। टमस समूह नल जल योजना की लागत 951 करोड़ 18 लाख रूपये है। इससे रीवा जिले के 630 गांव लाभांवित होंगे। इन गांव के एक लाख 21 हजार 715 परिवारों को साफ पानी मिलेगा। सीधी जिले की गुलाब सागर समूह नल जल योजना की लागत 788 करोड़ 63 लाख रूपये है। इससे 323 गांव लाभांवित होंगे। इन गांव के 67 हजार 145 गांव के परिवारों को नल साफ पानी मिलेगा।
वन मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह आज आयेंगे रीवा
मध्यप्रदेश शासन के वन मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह एक दिवसीय प्रवास पर रीवा आयेंगे। वन मंत्री 24 अप्रैल को प्रात: 6 बजे जबलपुर से कार द्वारा प्रस्थान कर प्रात: 10.30 बजे रीवा पहुंचेंगे। श्री शाह प्रधानमंत्री जी के मुख्य आतिथ्य में रीवा के एसएएफ मैदान में प्रात: 11 बजे से आयोजित राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस समारोह में शामिल होंगे। समारोह के बाद श्री शाह शाम 5 बजे कार द्वारा रीवा से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
जिले में अब तक समर्थन मूल्य पर हुई 80120 Ïक्वटल गेंहू की खरीद
जिले में निर्धारित 122 खरीदी केन्द्रों में एक अप्रैल से समर्थन मूल्य पर गेंहू की खरीद की जा रही है। जिले में 23 अप्रैल तक 1369 किसानों से 80120 Ïक्वटल गेंहू की खरीद अब तक की गयी है। इसके लिए किसानों को 17 करोड़ 25 लाख रूपये की राशि मंजूर की गयी है। खरीदे गये गेंहू में 5655 Ïक्वटल गेंहू का भण्डारण कराया जा चुका है। इस संबंध में जिला आपूर्ति नियंत्रक ओपी पाण्डेय ने बताया कि उपार्जित गेंहू का भण्डारण कराया जा रहा है। अब तक 4 हजार 130 किसानों ने गेंहू उपार्जन के लिए स्लॉट बुक किये हैं। खरीदी केन्द्रों में गेंहू उपार्जन के लिए वारदाने, तौल कांटे तथा अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गयी हैं। किसान अपनी सुविधा के अनुसार खरीदी केन्द्र तथा खरीदी का स्लॉट बुक कर सकते हैं। पंजीकृत किसान जिले के किसी भी खरीदी केन्द्र में स्लॉट बुक करके गेंहू दे सकते हैं। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस मनाया जाएगा आज
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस समारोह में होंगे शामिल
भारत सरकार का पंचायती राज मंत्रालय, मध्य प्रदेश सरकार के सहयोग से 24 अप्रैल को रीवा में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस को आजादी का अमृत महोत्सव के एक अंग के रूप में मना रहा है। सरकार के समग्र समावेशी विकास की अवधारणा को मूर्त रूप देने के लिए यह आयोजन किया गया है। रीवा के एसएएफ मैदान में आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय समारोह में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। इस महत्वपूर्ण अवसर पर वह देश भर में पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों के साथ-साथ विशेष ग्राम सभाओं को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी समारोह में पंचायत स्तर पर सार्वजनिक खरीद के लिए एकीकृत ई-ग्राम स्वराज और जीईएम पोर्टल का उद्घाटन करेंगे। ईग्रामस्वराज-जीईएम एकीकरण का उद्देश्य पंचायतों को ईग्रामस्वराज प्लेटफॉर्म का लाभ उठाते हुए जीईएम के माध्यम से अपने सामान और सेवाओं की खरीद करने में सक्षम बनाना है। प्रधानमंत्री मोदी के करकमलों से शुभारंभ होने वाले इस प्लेटफॉर्म का उपयोग करने के लिए पंचायतों और स्थानीय विक्रेताओं दोनों को इस पहल को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, जिसके परिणामस्वरुप संपूर्ण क्रेता-विक्रेता ईको-सिस्टम को विकसित करने में सहायता मिलेगी। इससे डिजिटल इंडिया कार्यक्रम को मजबूत बनाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था और उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री मोदी देश के एक करोड़ 25वें लाख हितग्राही को स्वामित्व संपत्ति कार्ड सौंपेंगे। रीवा संभाग के सिंगरौली जिले के ग्राम धतुरा निवासी दिलीप कुमार पाल तथा रानू पाल एवं ग्राम गड़हरा निवासी सूरजलाल साकेत तथा सीता साकेत प्रधानमंत्री जी के हाथों स्वामित्व सम्पत्ति कार्ड प्राप्त होगा। यह देश में स्वामित्व योजना के तहत 1.25 करोड़ संपत्ति कार्ड वितरण की उपलब्धि का प्रतीक है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी आजादी का अमृत महोत्सव (एकेएएम) अभियान के लिए “समावेशी विकास” थीम का भी शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री द्वारा “आजादी का अमृत महोत्सव- समवेशी विकास” पर एक समर्पित वेबसाइट और मोबाइल ऐप का भी शुभारंभ किया जाएगा। आजादी का अमृत महोत्सव-समावेशी विकास अभियान के तहत स्वामित्व-मेरी संपत्ति, मेरा हक विषय का लक्ष्य अगस्त 2023 तक स्वामित्व योजना के तहत 1.50 करोड़ “अधिकारों के रिकॉर्ड”/संपत्ति कार्ड बनाना है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 4 लाख से अधिक लाभार्थियों के गृह प्रवेश’ के आयोजन में प्रधानमंत्री मोदी भागीदारी करेंगे। वर्तमान में गृह प्रवेश कार्यक्रम के लिए 4.11 लाख घर तैयार हैं। प्रधानमंत्री जल जीवन मिशन के तहत लगभग 7,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के भूमि पूजन समारोह में भी शामिल होंगे। इस अवसर पर रीवा जिले में जल जीवन मिशन के तहत विभिन्न कार्यों का भूमि पूजन किया जाएगा। प्रधानमंत्री रीवा-इतवारी ट्रेन को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और अन्य रेल परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री श्री गिरिराज सिंह, केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, केंद्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री श्री कपिल मोरेश्वर पाटिल, मध्य प्रदेश के पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री श्री महेंद्र सिंह सिसोदिया, मध्य प्रदेश के पंचायत और ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्री राम खेलावन पटेल, मध्यप्रदेश सरकार के मुख्य सचिव, श्री इकबाल सिंह बैंस, पंचायती राज मंत्रालय के सचिव श्री सुनील कुमार, ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव श्री शैलेश कुमार सिंह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, मध्य प्रदेश सरकार के अपर मुख्य सचिव श्री मलय श्रीवास्तव और अन्य गणमान्य व्यक्तियोंं के साथ-साथ भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन के जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। मध्य प्रदेश के रीवा में एनपीआरडी-2023 कार्यक्रम का दूरदर्शन द्वारा डीडी न्यूज, डीडी नेशनल और डीडी इंडिया के माध्यम से 24 अप्रैल, 2023 को सुबह 11:30 बजे से लाइव प्रसारण किया जाएगा।
राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस समारोह में प्रदर्शनी बिखेरेगी विकास के रंग, प्रधानमंत्री श्री मोदी पंचायती राज दिवस समारोह में विकास प्रदर्शनी का करेंगे अवलोकन
रीवा में 24 अप्रैल को पंचायत राज दिवस का राष्ट्रीय समारोह आयोजित किया जा रहा है। समारोह में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर आमजनता को निर्माण कार्यों तथा रेल परियोजनाओं के रूप में विभिन्न सौगातें देंगे। समारोह स्थल में विभिन्न विभागों द्वारा समावेशी विकास से संबंधित तथा आजादी के अमृत महोत्सव से जुड़ी विकास प्रदर्शनी आयोजित की गई है। प्रधानमंत्री श्री मोदी प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे तथा चुने हुए प्रतिभागियों से संवाद करेंगे। समारोह स्थल में नवकरणीय ऊर्जा विभाग द्वारा सौर ऊर्जा के क्षेत्र की उपलब्धियों तथा रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर प्रोजेक्ट को प्रदर्शित किया गया है। इससे 750 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। इसमें प्रदेश की पवन ऊर्जा क्षमता को भी प्रदर्शित किया गया है। नवकरणीय ऊर्जा से 2746 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। समारोह स्थल में रेलवे द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी में प्रदेश एवं देश की बड़ी रेल परियोजनाओं तथा महत्वपूर्ण ट्रेनों को प्रदर्शित किया गया है। ग्रामीण आजीविका मिशन की प्रदर्शनी में स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार विभिन्न उत्पादों एवं हस्तशिल्प को प्रदर्शित किया गया है।
इसके साथ-साथ मिलेट मिशन से जुड़ी गतिविधियों, खेती के विविधीकरण तथा मोटा अनाज से बने विभिन्न व्यंजनों को भी इस प्रदर्शनी में दिखाया जा रहा है। जलजीवन मिशन की प्रदर्शनी में प्रदेश की बड़ी समूह नलजल योजनाओं के साथ-साथ रीवा जिले की कदैला समूह नलजल योजना का मॉडल प्रदर्शित किया गया है। इसमें जल स्त्रोत से लेकर आमजनता के घर तक नल से जल पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया प्रदर्शित की गई है। पंचायतीराज दिवस में आयोजित समारोह में होम स्टे की भी प्रदर्शनी लगाई गई है। प्रदेश में कई स्थानों पर ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई होम स्टे सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं। इसी तरह मुख्यमंत्री आवासीय भू स्वामित्व योजना में जमीनों के ड्रोन से सर्वे तथा भूखण्डों के निर्धारण को भी प्रदर्शनी में दिखाया जा रहा है। प्रदर्शनी में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संजीवनी केन्द्रों तथा वेलनेस सेंटरों को प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में कृषि विभाग, मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी, मोहनिया घाटी टनल, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना तथा अन्य विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया है।
केन्द्रीय पंचायती राज मंत्री श्री सिंह ने राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस समारोह की तैयारियों का लिया जायजा
रीवा के एसएएफ मैदान में 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस समारोह आयोजित किया जा रहा है। समारोह में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह के लिए जोर-शोर से तैयारियाँ की जा रही हैं। केन्द्रीय पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने समारोह स्थल का दौरा करके तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को समारोह के संबंध में निर्देश दिए। मौके पर उपस्थित कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने समारोह में की गई विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




Subscribe to my channel