Uttar Pradesh News : बदलते मौसम ने बढ़ाई मरीजों की भीड़, जिला संयुक्त चिकित्सालय में लगी लंबी कतारें

जिला रिपोर्टर वकील शेख मंसूरी चंदौली चंदौली सैदूपुर
चंदौली । बदलते मौसम के चलते वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम और मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। इसका सीधा असर चकिया जिला संयुक्त चिकित्सालय में देखने को मिल रहा है, जहां सोमवार को सुबह से ही मरीजों की लंबी लाइन लगी रही।
अस्पताल के पंजीकरण कक्ष के बाहर का नजारा तस्वीर में साफ देखा जा सकता है। पर्ची बनवाने से लेकर ब्लड जांच तक हर काउंटर पर महिलाओं और पुरुषों की लंबी कतारें लगी रहीं। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि परिसर में हर तरफ मरीज ही मरीज नजर आ रहे थे।

स्थिति यह रही कि एक-एक डॉक्टर के चेंबर के बाहर 15 से 20 मरीज पर्ची लेकर इंतजार में खड़े रहे। उमस भरी गर्मी और भीड़ के कारण मरीजों और उनके तीमारदारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। घंटों लाइन में लगने के बाद उनका नंबर आ रहा था।
मरीजों ने बताया कि सुबह से ही भीड़ है, पर्ची काउंटर पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मौसम बदलने से ओपीडी दोगुनी हो गई है, सभी डॉक्टरों द्वारा लगातार मरीजों को देखा जा रहा है।



Subscribe to my channel