Madhya Pradesh News : राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में मोहगांव के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन, सांदीपनि विद्यालय चाबी के दो विद्यार्थियों ने हासिल किया स्थान
ब्यूरो चीफ इन्द्रमेन मार्को मंडला मध्यप्रदेश
मंडला। दिनांक 20 एवं 21 अगस्त 2026 को नरसिंहपुर जिले के सांईखेड़ा में आयोजित राज्य स्तरीय विज्ञान, गणित, पर्यावरण एवं सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी में मंडला जिले के मोहगांव विकासखंड के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले और विकासखंड का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विद्यार्थियों को शिक्षा मंत्री श्री राव उदय प्रताप सिंह द्वारा सम्मानित किया गया। इस राज्य स्तरीय आयोजन में मोहगांव विकासखंड से जोन स्तर जबलपुर से चयनित प्रतिभावान विद्यार्थियों ने विभिन्न विधाओं में सहभागिता की और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विशेष रूप से सांदीपनि विद्यालय चाबी के दो विद्यार्थियों ने राज्य स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र को गौरवान्वित किया।

सांदीपनि विद्यालय चाबी के विद्यार्थियों की शानदार उपलब्धि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में इतिहास विषय में द्वितीय स्थान प्राप्त कर सांदीपनि विद्यालय चाबी की कक्षा 9वीं की छात्रा आयुषी प्रजापति ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं प्रश्न मंच प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर कक्षा 8वीं के विद्यार्थी निधिश शुक्ला ने विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया। आयुषी प्रजापति द्वारा प्रस्तुत मॉडल की माननीय शिक्षा मंत्री श्री राव उदय प्रताप सिंह ने विशेष रूप से सराहना की। उनके मॉडल की प्रस्तुति, विषय की समझ और रचनात्मकता को देखकर मंत्री द्वारा छात्रा का उत्साहवर्धन किया गया। मोहगांव विकासखंड के लिए गौरव का क्षण राज्य स्तर पर मोहगांव के विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से शिक्षा जगत, अभिभावकों, शिक्षकों एवं क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर प्रदेश स्तर के मंच पर मोहगांव विकासखंड और मंडला जिले का नाम गौरवान्वित किया है। राज्य शिक्षा केंद्र के आदेशानुसार, कलेक्टर मंडला श्री राहुल नामदेव घोटे एवं जिला मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शाश्वत सिंह मीणा के निर्देश तथा जिला परियोजना समन्वयक श्री अशोक शुक्ल के मार्गदर्शन में मंडला जिले के मोहगांव विकासखंड से जोन स्तर जबलपुर में चयनित विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता की। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परचम लहराया।
शिक्षकों के मार्गदर्शन और सहयोग का रहा महत्वपूर्ण योगदान विद्यार्थियों की इस सफलता के पीछे उनके निरंतर परिश्रम के साथ-साथ शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों का मार्गदर्शन भी महत्वपूर्ण रहा। प्रतियोगिता की तैयारी में मार्गदर्शी शिक्षक श्री कविंद्र शाह कोकड़े एवं श्रीमती पार्वती परते, बीआरसी डॉ. विनीत दुबे मोहगांव, सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य श्री जोधसिंह धुर्वे, जनशिक्षक श्री दयानंद आर्मो एवं श्री मायाराम यादव सहित अनेक शिक्षकों का सहयोग एवं योगदान रहा। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को प्रतियोगिताओं की तैयारी कराने के साथ-साथ उनके मॉडल, विषय-वस्तु, प्रस्तुति एवं प्रश्न मंच की तैयारी में लगातार मार्गदर्शन प्रदान किया, जिसका परिणाम राज्य स्तरीय मंच पर देखने को मिला। विद्यार्थियों को दी शुभकामनाएं राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आयुषी प्रजापति एवं निधिश शुक्ला को क्षेत्रवासियों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार की ओर से ढेरों बधाइयां एवं शुभकामनाएं दी जा रही हैं। विद्यार्थियों की यह उपलब्धि निश्चित रूप से अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। मोहगांव विकासखंड के इन होनहार विद्यार्थियों ने यह साबित कर दिया कि ग्रामीण एवं आदिवासी अंचल के विद्यार्थी भी उचित मार्गदर्शन, मेहनत और अवसर मिलने पर प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं। दोनों विद्यार्थियों की सफलता से मंडला जिले और मोहगांव विकासखंड का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।



Subscribe to my channel