Jharkhand News : सिमरिया के पावर सब स्टेशन में अवैध बालू का भंडारण, एनजीटी गाइडलाइन की उड़ रही धज्जियां
सीकरी गांव में सैकड़ों सीएफटी बालू डंप, ग्रामीणों ने कहा- गरीबों पर कार्रवाई, बड़े खेल पर प्रशासन मौन

रिपोर्टर महेंद्र कुमार यादव चतरा झारखंड
चतरा। सिमरिया थाना क्षेत्र के सीकरी गांव स्थित विद्युत पावर सब स्टेशन में अवैध बालू के भंडारण का बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि यहां सैकड़ों सीएफटी अवैध बालू का भंडारण कर एनजीटी गाइडलाइन का खुल्लम-खुल्ला उल्लंघन किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार सीकरी गांव के कालीकरण सड़क से पावर सब स्टेशन तक बन रहे पीसीसी पथ निर्माण के लिए इस बालू का उपयोग किया जाएगा। ग्रामीणों का आरोप है कि नदी घाटों से दिन-रात ट्रैक्टर के माध्यम से अवैध बालू का परिवहन कर पावर ग्रिड के समक्ष और सड़क किनारे डंप किया जा रहा है, जो जांच का विषय है। ग्रामीणों में इसको लेकर भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि एक तरफ आवास निर्माण के लिए एक-दो ट्रैक्टर बालू ले जाने वाले गरीब लोगों पर प्रशासन सख्त कार्रवाई कर रहा है, उनके ट्रैक्टर जब्त किए जा रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ पावर सब स्टेशन में हजारों सीएफटी अवैध बालू का दिन-दहाड़े परिवहन और भंडारण हो रहा है, लेकिन प्रशासन इस पर पूरी तरह मौन है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने सवाल उठाया है कि क्या नियम-कानून सिर्फ आम ग्रामीणों के लिए हैं? बड़े ठेकेदारों और प्रभावशाली लोगों के लिए अलग नियम हैं? इस संबंध में प्रशासनिक अंचल अधिकारी गौरव कुमार राय ने बताया कि यह मामला गंभीर है। अगर एनजीटी के बावजूद बालू का भंडारण और परिवहन किया जा रहा है। तो गलत है, दोषी संवेदक और इसे जुड़े लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जबकि इस पूरे मामले को लेकर जब जिला खनन पदाधिकारी (डीएमओ) मनोज टोपो से पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया। किंतु उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। जिससे प्रशासन की चुप्पी पर और सवाल खड़े हो रहे हैं।



Subscribe to my channel