Uttar Pradesh News : मिलक कोतवाल और एसएसआई पर अभद्रता व अवैध वसूली का आरोप
थाने में बंद करने का भी आरोप, पीड़िता ने एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग की
रिपोर्टर अंकित कुमार रामपुर, यू.पी.
मिलक। थाना मिलक की पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर एक महिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक रामपुर को शिकायती पत्र सौंपा है। मोहल्ला शाहूजी नगर निवासी माया देवी ने मिलक कोतवाल और एसएसआई पर गाली-गलौज, अभद्रता, रुपये मांगने तथा उन्हें थाने में बंद करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायती पत्र में माया देवी ने बताया कि उनके पति आकाश सागर का गांव भैंसोड़ी निवासी एक महिला से करीब पांच हजार रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी मामले में पुलिस ने उनके पति को थाने बुलाया था। आरोप है कि 15 अगस्त को आकाश सागर ने अपनी पत्नी माया देवी को भी थाने बुलाया। थाने पहुंचने के बाद उनके साथ कथित रूप से गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया तथा उन्हें थाने में बंद कर दिया गया।
पीड़िता का आरोप है कि मामले को निपटाने के नाम पर एसएसआई द्वारा उनके पति से 20 हजार रुपये की मांग की गई। रुपये देने से इनकार करने पर उनके पति के साथ भी कथित रूप से बदसलूकी की गई। माया देवी का यह भी आरोप है कि 15 अगस्त की शाम करीब सात बजे पुलिस ने उन्हें शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया। मामले से संबंधित एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है। वीडियो में महिला अपनी शिकायत पर कार्यवाही नहीं होने की स्थिति में आत्महत्या करने की बात कहती नजर आ रही है। इससे मामला और गंभीर हो गया है। इस संबंध में मिलक कोतवाल का पक्ष जानने के लिए उनके सीयूजी नंबर पर दो बार फोन किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। पुलिस का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी समाचार में प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक रामपुर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी से कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्यवाही करते हुए थाना मिलक से हटाए जाने की मांग की है।



Subscribe to my channel