Madhya Pradesh News : अधिकारी ध्यान रखें, समय सीमा में हितग्राहियों को शासकीय सेवाओं का लाभ मिले: जिपं सीईओ
शिकायत में अगर गलत निराकरण हुआ तो रीओपन कर सही निराकरण करने के निर्देश

ब्यूरो चीफ राजू जोशी महाराज छतरपुर मध्य प्रदेश
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नमः शिवाय की अध्यक्षता में सोमवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में टीएल बैठक आयोजित की गई। बैठक में एडीएम विनय द्विवेदी सहित एसडीएम, जनपद पंचायतों के सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ एवं विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे। जिला पंचायत सीईओ ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निराकरण गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ किया जाए। यदि किसी शिकायत का गलत निराकरण दर्ज किया गया है तो उसे रीओपन कर सही निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि समय-सीमा में पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मिले। जनविश्वास अभियान के शिविर से पहले आयोजित होंगे प्री-शिविर मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 21 अगस्त शुक्रवार को बड़ामलहरा में शिविर आयोजित किया जाएगा। जिला पंचायत सीईओ ने निर्देश दिए कि मुख्य शिविर से पहले दो दिनों तक प्री-शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को शासकीय सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके। उन्होंने संबल योजना, अनुग्रह सहायता सहित अन्य लंबित प्रकरणों का 7 दिवस में निराकरण करने के निर्देश दिए। पीएम श्रम योगी मानधन योजना में अधिक से अधिक पंजीयन कराएं जिला पंचायत सीईओ ने पीएम श्रम योगी मानधन योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों का पंजीयन कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

फिश पार्लरों में ही मछली विक्रय सुनिश्चित करें सीईओ जिपं ने नगरीय निकायों के सीएमओ को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर फिश पार्लर स्थापित हो चुके हैं, वहां मछली विक्रय की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। मछली विक्रेताओं द्वारा खुले में मछली विक्रय नहीं किया जाए और उन्हें निर्धारित फिश पार्लरों में शिफ्ट कराया जाए। आंगनवाड़ियों में लंबित विद्युत कनेक्शन शीघ्र कराएं जिला पंचायत सीईओ ने एमपीईबी के एसई को निर्देश दिए कि पात्र आंगनवाड़ी केंद्रों में शेष विद्युत कनेक्शन शीघ्र पूर्ण कराए जाएं। जिला शिक्षा अधिकारी को पात्र विद्यार्थियों को शत-प्रतिशत साइकिल वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला पंचायत सीईओ ने स्कूलों के जर्जर भवनों की जांच कर आवश्यकतानुसार उन्हें डिस्मेंटल कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी जर्जर भवन में स्कूली बच्चों को नहीं बैठाया जाए। इस संबंध में एसडीएम को सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


Subscribe to my channel