संकुल स्तरीय टैलेंट हंट प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बिखेरी प्रतिभा

संकुल केंद्र केवरामुंडा में संकुल स्तरीय टैलेंट हंट प्रतियोगिता का आयोजन संकुल समन्वयक राजेश कुमार तिवारी के कुशल मार्गदर्शन एवं सफल आयोजन में किया गया। प्रतियोगिता में संकुल केंद्र केवरामुंडा के अंतर्गत आने वाली विभिन्न प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए एकल नृत्य, सामूहिक नृत्य, एकल गायन, सामूहिक गायन, चित्रकला, रंगोली, वाद्ययंत्र वादन एवं भाषण प्रतियोगिता सहित विभिन्न विधाओं में भाग लिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में उनकी रचनात्मकता, कला-कौशल एवं आत्मविश्वास स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

कार्यक्रम में निर्णायक की महत्वपूर्ण भूमिका शासकीय हाई स्कूल केवरामुंडा की व्याख्याता एवं प्रभारी प्राचार्य श्रीमती सुकरी मौर्य तथा शासकीय माध्यमिक शाला कुम्हारपारा की प्रधान अध्यापिका श्रीमती नीलम मिश्रा ने निभाई। दोनों निर्णायकों ने निष्पक्षता एवं समर्पण के साथ अपने दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों की घोषणा की गई तथा उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा उनमें रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास करना रहा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी शिक्षकों, निर्णायकगण, संकुल समन्वयक, विद्यालयीन स्टाफ एवं विद्यार्थियों का विशेष आभार व्यक्त किया गया साथ ही कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए मध्याह्न भोजन की व्यवस्था सुचारु रूप से करने एवं भोजन तैयार कर खिलाने में सहयोग प्रदान करने वाले सभी रसोइयों के प्रति भी विशेष धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया गया। उनकी मेहनत एवं सहयोग से विद्यार्थियों को समय पर भोजन उपलब्ध हो सका। मिष्ठान के रूप में जलेबी का वितरण किया गया।

अंत में संकुल स्तरीय टैलेंट हंट प्रतियोगिता को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों, रसोइयों एवं सहयोगी कर्मचारियों के प्रति हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया गया।




Subscribe to my channel