Uttar Pradesh News : सावन शिवरात्रि पर अनूठी आस्था: भगवान शिव के जलाभिषेक के साथ मुलायम सिंह यादव की समाधि पर अर्पित किया पवित्र गंगाजल
ब्यूरो चीफ सागर कुमार इटावा उत्तर प्रदेश
सैफई: सावन की शिवरात्रि पर आस्था और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। इटावा की दो सगी बहनें हरिद्वार से कलश कांवर लेकर अपने भाई के साथ सैफई पहुंचीं और पूर्व रक्षा मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव की समाधि पर गंगाजल अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। दोनों बहनों ने पहले इटावा के केदारेश्वर मंदिर में कलश अर्पित किया, इसके बाद सैफई पहुंचकर नेताजी की समाधि पर जल चढ़ाया। इटावा के कन्हानी निवासी सविता राजपूत और सरिता राजपूत अपने भाई गौरव के साथ हरिद्वार से कलश कांवर लेकर निकली थीं। मंगलवार को सावन की शिवरात्रि के अवसर पर उन्होंने सबसे पहले इटावा के केदारेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसके बाद कांवर लेकर सैफई पहुंचीं और मुलायम सिंह यादव की समाधि पर गंगाजल अर्पित किया।

दोनों बहनों ने बताया कि भगवान शिव के प्रति आस्था के साथ नेताजी मुलायम सिंह यादव के प्रति उनके मन में गहरा सम्मान है। उन्होंने कहा कि नेताजी ने जीवनभर गरीब, किसान, मजदूर और आम लोगों की आवाज उठाई। उनके संघर्ष और सादगी से उन्हें हमेशा प्रेरणा मिलती रही है। सैफई पहुंचकर उनकी समाधि पर गंगाजल अर्पित करना उनके लिए श्रद्धा और भावनाओं से जुड़ा क्षण है। सविता और सरिता ने कहा कि कांवर में गंगाजल लेकर भगवान शिव को अर्पित करने के साथ ही नेताजी की समाधि पर गंगाजल चढ़ाने की उनकी मनोकामना थी, जिसे उन्होंने सावन की शिवरात्रि पर पूरा किया। उन्होंने कहा कि नेताजी आज भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार और समाज के लिए किए गए कार्य हमेशा लोगों को प्रेरणा देते रहेंगे। कलश कांवर यात्रा में कविता राजपूत, राहुल राजपूत, दीपक, शिवा, श्रीराम, मोहित, गौरव, विकेश, करन और ऋतिक ने सहयोग किया। सभी ने यात्रा के दौरान कांवरियों की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सहयोग में सहभागिता की।


Subscribe to my channel