Uttar Pradesh News : नाले के ऊपर निर्माण और टीन शेड आवंटन पर उठे सवाल
एसडीएम से उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग

रिपोर्टर अंकित कुमार रामपुर, यू.पी.
मिलक। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने नाले के ऊपर निर्माण कराने और आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत बनाए गए टीन शेड के आवंटन में कथित अनियमितताओं को लेकर शिकायत की गई है। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के रामपुर जिलाध्यक्ष आदेश शंखधार ने एसडीएम मिलक को शिकायती पत्र देकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता के अनुसार, सीएचसी मिलक के सामने मेन रोड पर दीवार से सटा बड़ा नाला है, जिसमें नगर का पानी जाता है। आरोप है कि नगर पालिका परिषद मिलक की ओर से नाले के ऊपर लिंटर डालकर निर्माण कराया गया है। शिकायत में कहा गया है कि नाले के ऊपर निर्माण होने से भविष्य में सफाई और जल निकासी में परेशानी के साथ जलभराव की समस्या उत्पन्न हो सकती है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत फल एवं सब्जी विक्रेताओं को टीन शेड उपलब्ध कराने की योजना में पात्र लोगों के बजाय कथित रूप से प्रभावशाली लोगों को लाभ दिया गया। शिकायतकर्ता ने टीन शेड निर्माण और आवंटन से संबंधित अभिलेखों तथा धनराशि की जांच कराने की मांग की है।

इसके अलावा नगर पालिका परिषद मिलक की अध्यक्ष दीक्षा गंगवार के पति कंवर नरेंद्र सिंह गंगवार की फोटो लगाए जाने पर भी शिकायतकर्ता ने आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे नियमों के विपरीत बताते हुए जांच की मांग की है। आदेश शंखधार ने एसडीएम से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराकर नाले पर हुए निर्माण, टीन शेड के निर्माण एवं आवंटन और संबंधित धनराशि की जांच कराने तथा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

Subscribe to my channel