IC News and Media House Private Limited


ब्रेकिंग न्यूज़

Jharkhand News : धनबाद में फिर बदलेगा मौसम, 16 अगस्त तक बारिश-वज्रपात का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी के लो प्रेशर का असर धनबाद में तेज बारिश और आंधी के आसार

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड

धनबाद में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ सकता है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हो रहा निम्न दबाव का क्षेत्र झारखंड के मौसम को प्रभावित करेगा। मौसम विभाग ने धनबाद समेत राज्य के कई इलाकों में 16 अगस्त तक बारिश, गरज और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। बुधवार को धनबाद में दिनभर कभी धूप तो कभी बादल छाए रहे। शाम के समय शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हुई। मौसम केंद्र, रांची के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र लगातार मजबूत हो रहा है। इसके अगले 24 घंटे में डिप्रेशन में तब्दील होने की संभावना है।

इस मौसमी सिस्टम के प्रभाव से झारखंड के विभिन्न हिस्सों में तेज हवाओं के साथ गरज और बारिश हो सकती है। धनबाद के पड़ोसी बोकारो जिले में भी अगले दो दिनों के दौरान भारी बारिश की संभावना जताई गई है। भारी बारिश से बढ़ सकती है परेशानी लगातार तेज बारिश होने की स्थिति में नदियों और जलाशयों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है। निचले इलाकों में जलजमाव के साथ अचानक बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका भी रहेगी। कमजोर और कच्चे मकानों तथा जर्जर दीवारों को नुकसान पहुंचने का खतरा बना रहेगा। बारिश के दौरान सड़कों पर दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है। ऐसे में दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए मौसम खराब रहने के दौरान लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।

आकाशीय बिजली से बचाव जरूरी बारिश के साथ वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा। हाल के दिनों में धनबाद में वज्रपात की घटनाओं में जानमाल का नुकसान हुआ है। इसे देखते हुए लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है। गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभों और ऊंची संरचनाओं के पास खड़े होने से बचना चाहिए। संभव हो तो सुरक्षित स्थान पर रहें। घर के अंदर रहने के दौरान भी अनावश्यक रूप से बिजली के उपकरणों के इस्तेमाल से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए धनबाद और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अगले कुछ दिनों तक मौसम की स्थिति पर नजर रखने की जरूरत है। प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर संभावित जोखिम से बचा जा सकता है।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button