IC News and Media House Private Limited


Bhopalशिक्षा

सचिव, स्कूल शिक्षा ने विद्यालयों का किया निरीक्षण शिक्षकों से संवाद कर शिक्षा की गुणवत्ता पर दिए सुझाव

रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल मध्यप्रदेश

प्रदेश सरकार के जन विश्वास कार्यक्रम के तहत स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. संजय गोयल ने निवाड़ी और टीकमगढ़ जिले के शासकीय विद्यालयों का औचक भ्रमण किया। उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों के बीच बैठकर पढ़ाई का अवलोकन किया, उनसे पाठ्य विषयों पर सवाल पूछे और शिक्षकों से संवाद कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था, बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान, स्वच्छता, मध्यान्ह भोजन, पुस्तक वितरण और अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। डॉ. गोयल ने शिक्षकों से कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास का माध्यम हैं। उन्होंने बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ाने, गतिविधि आधारित शिक्षण अपनाने तथा प्रत्येक विद्यार्थी पर व्यक्तिगत ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया। विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान उन्होंने उनकी पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं और विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी भी ली। प्रदेश शासन द्वारा संचालित जन विश्वास कार्यक्रम का उद्देश्य शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना तथा सरकारी योजनाओं और सेवाओं का वास्तविक क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। इसके अंतर्गत भारतीय प्रशासनिक सेवा, राज्य प्रशासनिक सेवा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी नियमित रूप से जिलों और गांवों का भ्रमण कर विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य संस्थाओं, पंचायतों तथा अन्य शासकीय सेवाओं का औचक निरीक्षण करते हैं। अधिकारी सीधे आमजन, विद्यार्थियों, अभिभावकों और कर्मचारियों से संवाद कर समस्याएं सुनते हैं और मौके पर ही समाधान के निर्देश देते हैं।इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य कागजी प्रगति के बजाय जमीनी हकीकत का आकलन करना, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करना, जवाबदेही बढ़ाना और आम नागरिकों का शासन पर विश्वास सुदृढ़ करना है। शिक्षा विभाग में इसके माध्यम से विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, बुनियादी सुविधाओं और सीखने के स्तर में सुधार पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button