ब्रेकिंग न्यूज़

Rajasthan News : आर्ट ऑफ लिविंग आबूरोड परिवार द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दिव्य रुद्र पूजा सम्पन्न

ब्यूरो चीफ महावीर चंद्र आबूरोड, राजस्थान

आबूरोड, आर्ट ऑफ लिविंग आबूरोड परिवार के तत्वावधान में आज दिव्य रुद्र पूजा का आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं वैदिक परंपरा के अनुरूप सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साधकों एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। आर्ट ऑफ लिविंग की शिक्षिका संगीता अग्रवाल ने बताया कि बेंगलुरु आश्रम से पधारे स्वामी परमानंद ने रुद्र पूजा का आध्यात्मिक एवं वैज्ञानिक महत्व बताते हुए कहा कि रुद्र पूजा केवल एक पूजा नहीं, बल्कि भीतर की शुद्धि, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव है। वेदों के शक्तिशाली मंत्रों और पवित्र वातावरण के माध्यम से मन को गहरा विश्राम मिलता है। उन्होंने बताया कि रुद्र पूजा नकारात्मकता को दूर करने, वातावरण में सकारात्मकता एवं ऊर्जा का संचार करने तथा जीवन में शांति, संतुलन और समृद्धि का भाव जागृत करने में सहायक होती है। स्वामी परमानंद ने आगे कहा कि आर्ट ऑफ लिविंग में रुद्र पूजा का अनुभव विशेष इसलिए है क्योंकि इसमें वैदिक मंत्रोच्चार, ध्यान और भक्ति का सुंदर संगम होता है। यह साधक को अपने भीतर की दिव्यता से जोड़ने, कृतज्ञता एवं श्रद्धा के भाव में स्थिर होने तथा संपूर्ण समाज में शांति और सद्भाव का संदेश देने का माध्यम बनती है।

इसके पश्चात आर्ट ऑफ लिविंग आश्रम के पंडित पंकज शर्मा एवं पंडित अमित मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक रुद्र पूजा सम्पन्न कराई। मंत्रों की पावन ध्वनि एवं भक्तिमय वातावरण ने उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति से अभिभूत कर दिया।
इस अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग परिवार के संगीता अग्रवाल,शिवम अवस्थी, आशीष सेन,आर्यमन सिंह,नरेन्द्र अग्रवाल,दयाशंकर बैरवा,हरिनारायण खंडेलवाल, राजीव मारू,आलोक वर्मा, अभिषेक टंडन एवं भूपेन्द्र सम्बरिया सहित अनेक साधकों ने उपस्थित रहकर सेवा एवं सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में विश्व शांति, मानव कल्याण, सुख-समृद्धि एवं पर्यावरण की शुद्धता की कामना के साथ सामूहिक प्रार्थना की गई तथा सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button