Uttar Pradesh News : फतेहपुर: श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था का किया निरीक्षण

रिपोर्टर शत्रुघन फ़तेहपुर उत्तर प्रदेश
फतेहपुर (उत्तर प्रदेश)। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने तांबेश्वर मंदिर तथा ओम घाट, भिटौरा का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन और कानून-व्यवस्था को लेकर किए गए इंतजामों की समीक्षा की। मंदिर परिसर एवं घाट क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी तथा आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी सहयोग बनाए रखने और यात्रा के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
Subscribe to my channel