Uttar Pradesh News : जनहित के कई मुद्दों पर गरजे ग्राम प्रधान संजय सिंह, 23 अगस्त को मुगलसराय में होगी क्षत्रिय महापंचायत
जिला ब्यूरो चीफ अमित सिंह चंदौली
चंदौली…. जनपद चंदौली में ग्राम प्रधान संजय सिंह ने अपने निजी आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाते हुए जनप्रतिनिधियों और शासन-प्रशासन का ध्यान क्षेत्र की समस्याओं की ओर आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि 23 अगस्त (रविवार) को मुगलसराय स्थित एक निजी लॉन में क्षत्रिय महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। यह बैठक आरक्षण से जुड़े विषयों पर केंद्रित होगी, जिसमें पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों के क्षत्रिय समाज के प्रमुख नेताओं और प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस महापंचायत में समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर व्यापक चर्चा होगी। प्रेस वार्ता के दौरान संजय सिंह ने मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल से पहले स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव होता था, लेकिन वर्तमान समय में अधिकांश ट्रेनों का ठहराव समाप्त हो गया है। उनके अनुसार इससे क्षेत्र के यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार और रेलवे प्रशासन से ट्रेनों के ठहराव को पुनः बहाल करने की मांग की।
संजय सिंह ने क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान किए गए कई वादे आज तक धरातल पर नहीं उतर सके। उन्होंने स्थानीय विधायक रमेश जायसवाल, लोकसभा सांसद वीरेंद्र सिंह, राज्यसभा सांसद साधना सिंह तथा सैदराजा विधायक सुशील सिंह का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि जनहित के मुद्दों की अपेक्षा विकास कार्यों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं अभी भी अधूरी हैं। उन्होंने जिला मुख्यालय स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज की जर्जर स्थिति का भी उल्लेख करते हुए कहा कि भवन की हालत लगातार खराब होती जा रही है, जिससे छात्रों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से कॉलेज के भवन के शीघ्र जीर्णोद्धार तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास की मांग की। प्रेस वार्ता के अंत में संजय सिंह ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष पर टिप्पणी करना नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को शासन और प्रशासन तक पहुंचाना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।



Subscribe to my channel