Uttar Pradesh News : दूषित पेयजल की शिकायत पर अधिवक्ता ने उठाई आवाज
हर घर जल योजना के तहत सप्लाई हो रहे पानी की गुणवत्ता जांच कराने की मांग, नगर पालिका को सौंपा ज्ञापन
रिपोर्टर नौरोज़ हैदर बिजनौर उत्तर प्रदेश
हल्दौर। नगर पालिका परिषद हल्दौर में प्रधानमंत्री हर घर जल योजना के अंतर्गत आपूर्ति किए जा रहे पेयजल की गुणवत्ता को लेकर नगर के अधिवक्ता रवि कुमार ने अधिशासी अधिकारी एवं अध्यक्ष को प्रार्थना पत्र सौंपकर शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है। प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि योजना के तहत नई पानी की टंकी का निर्माण एवं पूरे नगर क्षेत्र में नई पेयजल पाइपलाइन बिछाई गई है, जिसका उद्देश्य नगरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है। लेकिन वर्तमान में सप्लाई किया जा रहा पानी पीने योग्य नहीं प्रतीत हो रहा है। शिकायत के अनुसार पानी कुछ समय बाद पीले रंग का हो जाता है, उसमें दुर्गंध आती है तथा गंदगी एवं अन्य अशुद्धियां दिखाई देती हैं। इससे जलजनित एवं अन्य गंभीर बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है।

रवि कुमार एडवोकेट ने आरोप लगाया कि जलापूर्ति प्रारंभ करने से पूर्व अथवा वर्तमान समय में पानी की गुणवत्ता की किसी मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला से नियमित जांच नहीं कराई गई है। उन्होंने मांग की कि पेयजल के नमूनों की तत्काल सरकारी प्रयोगशाला से जांच कराई जाए तथा जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि यदि पानी निर्धारित मानकों के अनुरूप न पाया जाए तो जल शोधन व्यवस्था एवं पाइपलाइन प्रणाली की जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए तथा नगरवासियों को भारतीय मानक आईएस-10500 के अनुरूप स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जाए। प्रार्थना पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी बिजनौर को भी भेजी गई है। यह प्रार्थना पत्र दिनांक 25 जुलाई को नगर पालिका परिषद हल्दौर में प्रस्तुत किया गया।




Subscribe to my channel