Madhya Pradesh News : मगरखेड़ी में टैंकर में भीषण विस्फोट, एक की मौत, दो गंभीर घायल

रिपोर्टर नरेंद्र खांडेकर खरगोन मध्य प्रदेश
कसरावद। मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ग्राम मगरखेड़ी में रविवार को एक टैंकर में वेल्डिंग के दौरान हुए भीषण विस्फोट से क्षेत्र दहल उठा। धमाका इतना तेज था कि टैंकर के परखच्चे करीब 500 मीटर दूर तक जा गिरे। हादसे में बकरी चरा रहे एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि टैंकर चालक और वेल्डिंग कर रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। विस्फोट से आसपास खड़ी एक कार तथा मकानों के कांच भी टूट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैंकर में वेल्डिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान टैंकर के भीतर अचानक विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
हादसे में टैंकर चालक विनोद पिता श्रीराम (45), निवासी भैंसाचौबे, जिला बस्ती (उत्तर प्रदेश) तथा वेल्डिंग कर रहे नितेश पिता हरिनाथ (35), निवासी बिहार गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, टैंकर के उड़े लोहे के टुकड़ों की चपेट में आने से ग्राम मगरखेड़ी निवासी भीम पिता भागीरथ रोकड़े (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल ठीकरी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। सूचना मिलते ही खलटाका पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि टैंकर के अंदर गैस बनने के कारण वेल्डिंग के दौरान यह विस्फोट हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे उस स्थान पर हुआ, जहां प्रत्येक रविवार को साप्ताहिक हाट बाजार लगता है। यदि विस्फोट भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में होता, तो जनहानि कहीं अधिक हो सकती थी।


Subscribe to my channel