Uttar Pradesh News : वाराणसी: कांवड़ मेले को लेकर सिगरा पुलिस अलर्ट, ठेला-रेहड़ी व्यवसायियों के साथ की संवाद बैठक

ब्यूरो चीफ निखिलेश कुमार मिश्रा वाराणसी उत्तर प्रदेश
वाराणसी। आगामी सावन कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से वाराणसी कमिश्नरेट के थाना सिगरा पुलिस ने रेलवे स्टेशन के सामने पिलर नंबर-61 के पास ठेला-रेहड़ी व्यवसायियों के साथ संवाद बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा ने की। बैठक में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा ने सभी व्यवसायियों से अपील की कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि ठेले एवं रेहड़ियां इस प्रकार लगाई जाएं जिससे यातायात बाधित न हो और श्रद्धालुओं के आवागमन में कोई परेशानी न आए।
पुलिस ने सभी विक्रेताओं को अपने सामान की स्पष्ट रेट लिस्ट प्रदर्शित करने, रेट लिस्ट पर थाना सिगरा का हेल्पलाइन नंबर, अपना नाम एवं मोबाइल नंबर अंकित करने तथा अपने ठेले के आसपास स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। पुलिस ने कहा कि इन व्यवस्थाओं से यात्रियों को सुविधा मिलेगी और किसी भी विवाद की स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा ने कहा कि कांवड़ मेला आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। पुलिस और व्यवसायी मिलकर इसे सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाएंगे। उन्होंने नियमों का पालन करने वाले व्यवसायियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया। बैठक के दौरान उपस्थित व्यवसायियों ने सिगरा पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस के सभी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करने का आश्वासन दिया। वहीं पुलिस ने भी मेले के दौरान नियमित गश्त, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाए रखने की बात कही।


Subscribe to my channel