Uttar Pradesh News : वाराणसी पुलिस में बड़ा फेरबदल: चौबेपुर को मिले नए थाना प्रभारी, जंसा की कमान सत्यजीत सिंह को

ब्यूरो चीफ निखिलेश कुमार मिश्रा वाराणसी उत्तर प्रदेश
वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने अपराध समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लिए। बैठक में विवेचनाओं में लापरवाही तथा अवैध खनन में धन लेने के आरोपों के चलते चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर को लाइन हाजिर कर दिया गया। प्रशासनिक आवश्यकता के तहत जंसा थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा को चौबेपुर थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं पुलिस आयुक्त के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) उपनिरीक्षक सत्यजीत सिंह को जंसा थाने की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा उपनिरीक्षक अभिषेक पांडेय का पुलिस लाइन से साइबर क्राइम थाने में स्थानांतरण किया गया है।

बैठक में पुलिस आयुक्त ने साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण, ई-साक्ष्य एवं ई-समन प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने आदतन अपराधियों, साइबर ठगों एवं संगठित अपराधी गिरोहों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। सावन माह को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, प्रमुख कांवड़ मार्गों एवं घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, सीसीटीवी एवं ड्रोन निगरानी तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, अतिक्रमण हटाने तथा रॉन्ग साइड ड्राइविंग के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के भी निर्देश जारी किए।
इन प्रशासनिक फेरबदल और निर्देशों का उद्देश्य वाराणसी में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना तथा आमजन को सुरक्षित एवं बेहतर पुलिसिंग उपलब्ध कराना है।


Subscribe to my channel