आवास लाभार्थिनी की मनरेगा मजदूरी हड़पने का आरोप, सोशल ऑडिट में सामने आई अनियमितता
दूसरे खाते में भुगतान होने का दावा, पीड़िता ने दोषियों पर कार्रवाई और बकाया मजदूरी दिलाने की लगाई ग

मनकापुर (गोंडा)। मनकापुर विकास खंड की ग्रामपंचायत दिनकरपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना की एक लाभार्थिनी की मनरेगा मजदूरी के भुगतान में कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। यह मामला मनरेगा सोशल ऑडिट के दौरान उजागर हुआ, जिसके बाद पीड़ित महिला ने उच्च अधिकारियों से शिकायत कर न्याय की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2024-25 में ग्राम पंचायत दिनकरपुर निवासी रेखा पत्नी स्वर्गीय समीर को विधवा आवास का लाभ मिला था। आवास निर्माण के तहत उन्हें मनरेगा योजना के अंतर्गत 90 दिनों की मजदूरी, लगभग 22 हजार रुपये, मिलनी थी। आरोप है कि अभिलेखों में कथित हेराफेरी कर यह भुगतान किसी अन्य महिला, रेखा शुक्ला, के खाते में कर दिया गया।
पीड़िता का कहना है कि मनरेगा सोशल ऑडिट के दौरान उन्हें इस गड़बड़ी की जानकारी मिली। जब उन्होंने रोजगार सेवक से अपनी मजदूरी दिलाने की मांग की तो उन्हें बताया गया कि जिस खाते में भुगतान गया है, वहां से धनराशि वापस मिलने के बाद ही उन्हें भुगतान किया जाएगा। इसके चलते महिला को लगातार अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
पीड़ित महिला ने उच्च अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर अपनी बकाया मजदूरी का भुगतान कराने तथा मामले में कथित अनियमितता के लिए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।



Subscribe to my channel