Chhattisgarh News : छत्तीसगढ़ में 8 IAS अधिकारियों का तबादला, कई जिलों के CEO बदले; भिलाई नगर निगम को मिली नई आयुक्त
ब्यूरोचीफ राकेश कुमार साहू जांजगीर-चांपा छत्तीसगढ़
रायपुर, 8 जुलाई। छत्तीसगढ़ सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 8 आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के तहत कई जिलों के जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (CEO) का स्थानांतरण किया गया है, जबकि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा नगर निगम भिलाई में भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आदेश 7 जुलाई 2026 को जारी किया गया। जारी आदेश के अनुसार, रिमिजियुस एक्का (IAS-2011) को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। गजेंद्र सिंह ठाकुर (IAS-2019), जो वर्तमान में जिला पंचायत धमतरी के CEO हैं, उन्हें अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक उप सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा पुनर्वास विभाग बनाया गया है।

प्रतीक जैन (IAS-2020) को जिला पंचायत बस्तर से स्थानांतरित कर जिला पंचायत कोरबा का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है। सुश्री सुरुचि सिंह (IAS-2020) को जिला पंचायत राजनांदगांव से स्थानांतरित कर नगर पालिक निगम भिलाई का आयुक्त बनाया गया है। इसी प्रकार जयंत नाहटा (IAS-2021) को जिला पंचायत दंतेवाड़ा से स्थानांतरित कर जिला पंचायत धमतरी का CEO बनाया गया है। वहीं एम. भार्गव (IAS-2023), जो वर्तमान में डोंगरगढ़ के एसडीएम हैं, उन्हें जिला पंचायत दंतेवाड़ा का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है। तनय खन्ना (IAS-2023), एसडीएम कटघोरा (जिला कोरबा), को जिला पंचायत बस्तर का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा दुर्गा प्रसाद अधिकारी (IAS-2023), एसडीएम घरघोड़ा (जिला रायगढ़), को जिला पंचायत राजनांदगांव का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को जिलों और नगरीय निकायों में प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


Subscribe to my channel